सप्ताह भर पहले देहरादून से लापता हुई युवती पंजाब में मिली, अपहरणकर्ता भी गिरफ्तार

Ads

सप्ताह भर पहले देहरादून से लापता हुई युवती पंजाब में मिली, अपहरणकर्ता भी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - March 30, 2025 / 06:58 PM IST,
    Updated On - March 30, 2025 / 06:58 PM IST

देहरादून, 30 मार्च (भाषा) उत्तराखंड में देहरादून शहर के पटेल नगर इलाके से एक सप्ताह पहले लापता हुई एक लड़की को पंजाब से बरामद करते हुए पुलिस ने कथित तौर पर उसे भगा ले जाने तथा उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में उत्तर प्रदेश के एक युवक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने रविवार को यहां बताया कि 18 वर्षीय लड़की को पंजाब के अमृतसर से शनिवार को बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि लड़की को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 21 मार्च को लड़की के परिजनों ने पुलिस में तहरीर दी थी कि उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के देवबंद का रहने वाला नूर मोहम्मद (26) उनकी पुत्री को बहला-फुसला कर अपने साथ ले गया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 140 (3) 64 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान मोहम्मद के अमृतसर में होने की जानकारी मिली जिसके बाद पुलिस ने शनिवार को दबिश देते हुए लड़की को बरामद कर लिया तथा आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

भाषा

दीप्ति, रवि कांत रवि कांत