नौकरशाही की नहीं, राजनीतिक नेतृत्व की जवाबदेही तय हो, प्रधान को बर्खास्तगी की जरूरत: कांग्रेस

Ads

नौकरशाही की नहीं, राजनीतिक नेतृत्व की जवाबदेही तय हो, प्रधान को बर्खास्तगी की जरूरत: कांग्रेस

  •  
  • Publish Date - June 2, 2026 / 07:32 PM IST,
    Updated On - June 2, 2026 / 07:32 PM IST

नयी दिल्ली, दो जून (भाषा) कांग्रेस ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के चेयरमैन और सचिव के तबादले के बाद कहा कि ऑन स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) प्रणाली से संबंधित ‘‘अनियमितता’’ के मामले में नौकरशाही नहीं, बल्कि राजनीतिक नेतृत्व की जवाबदेही तय होनी चाहिए।

पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह भी कहा कि न्याय का तकाजा है कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त किया जाए।

केंद्र सरकार ने ओएसएम प्रणाली का ठेका देने के लिए सीबीएसई की ओर से अपनाई गई प्रक्रिया से संबंधित मुद्दों की जांच के लिए एक-सदस्यीय समिति का गठन किया है। समिति की अध्यक्षता क्षमता निर्माण आयोग की अध्यक्ष एस राधा चौहान करेंगी।

सीबीएसई के चेयमैन राहुल सिंह और सचिव हिमांशु गुप्ता का मंगलवार को बोर्ड से तबादला भी कर दिया गया।

रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘सीबीएसई चेयरमैन और सचिव का तबादला कर दिया गया है। न्याय का तकाजा है कि मंत्री प्रधान को बर्खास्त किया जाए।’’

उन्होंने कहा कि सीबीएसई नेतृत्व की विदाई और सीबीएसई की ओएसएम प्रणाली की जांच के लिए एक सदस्यीय समिति के गठन से साबित होता है कि अनियमितताएं की गई थीं। यह ‘जेन जी’ छात्रों की प्रतिभा और कौशल का प्रमाण है, जिन्होंने इस घोटाले को ऑनलाइन उजागर किया और यहां तक ​​कि इसे दिग्विजय सिंह की अध्यक्षता में शिक्षा संबंधी संसदीय स्थायी समिति के समक्ष भी प्रस्तुत किया।’’

रमेश ने कहा कि सीबीएसई के साथ शिक्षा संबंधी संसद की स्थायी समिति की बैठक के बाद की गई कार्रवाई राजनीतिक नेतृत्व से ध्यान हटाकर नौकरशाहों पर केंद्रित करने और जवाबदेही तय करने का एक प्रयास है।

उनका कहना है, ‘‘यह याद रखना चाहिए कि सीबीएसई चेयरमैन राहुल सिंह को हाल ही में नवंबर, 2025 में नियुक्ति संबंधी कैबिनेट समिति द्वारा दो साल का विस्तार दिया गया था।’’

रमेश ने दावा किया, ‘‘मंत्री प्रधान एक ऐसे अत्यंत भ्रष्ट, अयोग्य और अक्षम तंत्र की अगुवाई कर रहे हैं जिसने लाखों युवाओं के जीवन के साथ खिलवाड़ किया है। उन्हें तुरंत इस्तीफा देना होगा।’’

भाषा हक

हक पवनेश

पवनेश