जम्मू, 30 जून (भाषा) वार्षिक अमरनाथ यात्रा से पहले, जम्मू रेलवे मंडल में सुरक्षा के एहतियाती अभियान के दौरान राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने 24 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि गत तीन दिनों में चलाए गए अभियान के तहत, जीआरपी ने रेलवे स्टेशन और अपने क्षेत्राधिकार में आने वाली अन्य जगहों पर संदिग्ध हालात में घूमते हुए पाए गए 24 लोगों को हिरासत में लिया और उनके खिलाफ मामले दर्ज किए।
जीआरपी ने कहा कि शांति, सुरक्षा और जन-सुरक्षा बनाए रखने के लिए तीर्थयात्रा के दौरान एहतियाती जांच और निगरानी जारी रहेगी।
अमरनाथ की 57-दिवसीय यात्रा तीन जुलाई को शुरू होगी। यह यात्रा एक साथ दो रास्तों – अनंतनाग ज़िले में पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबे नुनवान-पहलगाम रास्ते से और गांदरबल ज़िले में छोटे लेकिन ज़्यादा ढलान वाले 14 किलोमीटर लंबे बालटाल रास्ते – से होगी।
भाषा धीरज सुरेश
सुरेश