नयी दिल्ली, 30 जून (भाषा) विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने मंगलवार को अपनी आयरिश समकक्ष हेलेन मैकएंटी से बातचीत की और यूरोपीय संघ परिषद की अध्यक्षता संभालने पर आयरलैंड को शुभकामनाएं दीं।
जयशंकर ने कहा कि बातचीत के दौरान भारत और आयरलैंड के बीच व्यापार और शिक्षा समेत विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर भी चर्चा हुई।
जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, “आयरलैंड की विदेश मंत्री हेलेन मैकएंटी से बात करके खुशी हुई। यूरोपीय संघ परिषद की अध्यक्षता संभालने पर उन्हें शुभकामनाएं दीं। व्यापार और शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा हुई। बहुपक्षीय मंचों पर भी हमारी साझेदारी को आगे बढ़ाया जाएगा।”
यूरोपीय संघ परिषद यूरोपीय संघ की प्रमुख निर्णयायक संस्थाओं में से एक है।
यूरोपीय आयोग की वेबसाइट के अनुसार, आयरलैंड एक जुलाई से 31 दिसंबर 2026 तक यूरोपीय संघ परिषद की अध्यक्षता संभालेगा।
यह भूमिका यूरोपीय संघ की सबसे प्रभावशाली जिम्मेदारियों में से एक मानी जाती है।
भाषा तान्या सुरेश
सुरेश