अयोध्या (उप्र), 30 जून (भाषा) अयोध्या में रौनाही इलाके के सनाहा गांव में घाघरा नदी में नहाते समय डूबने से तीन महिलाओं की मौत हो गई तथा दो नाबालिग लड़कियां लापता हो गयीं। यह जानकारी पुलिस ने दी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक रौनाही थाना क्षेत्र के सनाहा गांव में महिलाएं और लड़कियां घाघरा नदी में नहाने गई थीं लेकिन गहरे पानी में चले जाने की वजह से वे डूब गईं।
उन्होंने बताया कि चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों ने नदी से तीन महिलाओं को बाहर निकाला, जिन्हें डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
सूत्रों ने बताया कि मृतकों की पहचान मरियम (18), शाहीन (35) और शजरुल (40) के रूप में हुई है जबकि रशीदा और नाजिया (लगभग 15 साल) लापता हैं जिनकी तलाश की जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक बलवंत कुमार चौधरी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
भाषा सं सलीम अमित
अमित