अमित शाह का नक्सल मुद्दे पर भाषण शानदार रहा : मोदी

Ads

अमित शाह का नक्सल मुद्दे पर भाषण शानदार रहा : मोदी

  •  
  • Publish Date - March 30, 2026 / 10:05 PM IST,
    Updated On - March 30, 2026 / 10:05 PM IST

नयी दिल्ली, 30 मार्च (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि नक्सल समस्या पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का लोकसभा में संबोधन शानदार था।

इससे पहले, शाह ने देश को वामपंथी उग्रवाद से मुक्त करने के प्रयासों पर लोकसभा में हुई चर्चा का जवाब दिया।

मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘गृह मंत्री अमित शाह जी का यह भाषण शानदार है, जिसमें महत्वपूर्ण तथ्यों, ऐतिहासिक संदर्भ और पिछले दशक में हमारी सरकार के प्रयासों का विवरण शामिल है।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि दशकों तक ‘‘प्रतिगामी माओवादी विचारधारा’’ ने कई क्षेत्रों के विकास को नुकसान पहुंचाया, और वामपंथी उग्रवाद ने अनगिनत युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘पिछले एक दशक में हमारी सरकार ने इस खतरे को जड़ से खत्म करने और साथ ही नक्सलवाद से प्रभावित क्षेत्रों तक विकास के लाभ पहुंचाने के लिए काम किया है। हम सुशासन को बढ़ावा देने और सभी के लिए शांति और समृद्धि सुनिश्चित करने पर ध्यान केंद्रित करते रहेंगे।’’

शाह ने विभिन्न राज्यों में नक्सलवाद के खिलाफ चलाये गए अभियानों की सफलता को रेखांकित करते हुए कहा, ‘‘हम ऐसा कह सकते हैं कि हम नक्सल मुक्त हो गए हैं।’’ उन्होंने कहा कि माओवादियों की शीर्ष इकाई और केंद्रीय ढांचा लगभग पूरी तरह से खत्म कर दिया गया है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सत्ता में रहने के दौरान माओवादियों के हिंसा के लंबे दौर को खत्म करने के लिए कुछ नहीं किया।

मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को कई बार सार्वजनिक रूप से नक्सल समर्थकों के साथ देखा गया है, और उन्होंने माओवादियों के प्रति सहानुभूति वाले वीडियो भी पोस्ट किए हैं।

भाषा आशीष दिलीप

दिलीप