अमृत स्टेशनों से विकसित राजस्थान के संकल्प को मिलेगी नयी गति : मुख्यमंत्री शर्मा
अमृत स्टेशनों से विकसित राजस्थान के संकल्प को मिलेगी नयी गति : मुख्यमंत्री शर्मा
जयपुर, 17 जुलाई (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि रेलवे के अमृत स्टेशनों के पुनर्विकास से विकसित राजस्थान के संकल्प को नयी गति मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को जालंधर से देशभर के 75 पुनर्विकसित अमृत स्टेशनों को राष्ट्र को समर्पित किया। देश के 20 राज्यों में स्थित इन स्टेशनों में राजस्थान के आठ अमृत स्टेशन—गोटन, डीग, सोमेसर, दौसा, खैरथल, बाड़मेर, जैसलमेर और गंगापुर सिटी-भी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री शर्मा नागौर के गोटन रेलवे स्टेशन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से जुड़े।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में भारतीय रेलवे की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद भारतीय रेलवे में ऐतिहासिक परिवर्तन हुए हैं, जिन्होंने देश की प्रगति, विकास और आत्मनिर्भर भारत की मजबूत आधारशिला रखी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान को आज आठ अमृत स्टेशनों की सौगात मिली है। उनके अनुसार, ये स्टेशन विकसित राजस्थान के संकल्प को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगे।
आधिकारिक बयान के अनुसार, शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे लगातार नयी ऊंचाइयों को छू रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य की ‘डबल इंजन’ सरकार प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को विकसित राजस्थान के माध्यम से साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
भाषा
पृथ्वी रवि कांत

Facebook


