सूरत, 25 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल जिस मुंबई-अहमदाबाद वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रा कर रही थीं, उस पर मंगलवार शाम सूरत के पास एक व्यक्ति ने कथित तौर पर पथराव किया। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी।
घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
अधिकारी ने बताया कि व्यक्ति थोड़ा मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत होता है और घटना के तुरंत बाद उसे पकड़ लिया गया।
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन द्वारा दमन में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वापी स्टेशन से ट्रेन में सवार हुई थीं।
पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के पुलिस अधीक्षक अभय सोनी ने बताया कि घटना सूरत जिले के उत्राण थाना क्षेत्र में हुई और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने व्यक्ति को पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि घटना के बाद आरपीएफ की पैदल गश्ती टीम ने व्यक्ति को पकड़ लिया।
सोनी ने कहा, ‘‘उसके बैग में पत्थर मिले। पूछताछ के दौरान उसने आरपीएफ को बताया कि वह एक कुत्ते पर पत्थर फेंक रहा था। उसने इससे पहले गुजर रही एक मालगाड़ी पर भी कथित तौर पर पथराव किया था।’’
उन्होंने कहा कि व्यक्ति ‘‘थोड़ा मानसिक रूप से अस्वस्थ’’ प्रतीत होता है और घटना के पीछे जानबूझकर की गई या किसी साजिश का कोई संकेत नहीं मिला है।
उन्होंने कहा कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ और पत्थर उस डिब्बे पर नहीं लगा, जिसमें पटेल यात्रा कर रही थीं।
सोनी ने कहा, ‘‘शीशे पर केवल मामूली खरोंच आई है। किसी को कुछ नहीं हुआ। जिस डिब्बे पर पत्थर लगा, वह पटेल के बैठने वाले डिब्बे से काफी दूर था।’’
उन्होंने बताया कि उत्राण पुलिस और रेलवे अधिकारी आगे की कार्रवाई कर रहे हैं।
भाषा अमित पवनेश
पवनेश