अनुराग कुमार ने दिल्ली पुलिस आयुक्त का कार्यभार संभाला

अनुराग कुमार ने दिल्ली पुलिस आयुक्त का कार्यभार संभाला

अनुराग कुमार ने दिल्ली पुलिस आयुक्त का कार्यभार संभाला
Modified Date: July 17, 2026 / 06:34 pm IST
Published Date: July 17, 2026 6:34 pm IST

नयी दिल्ली, 17 जुलाई (भाषा) आसूचना ब्यूरो (आईबी) के पूर्व विशेष निदेशक अनुराग कुमार ने शुक्रवार को दिल्ली के नए पुलिस आयुक्त के रूप में कार्यभार संभाला।

अरुणाचल प्रदेश-गोवा-मिजोरम-केंद्र शासित प्रदेश (एजीएमयूटी) कैडर के 1994-बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी कुमार ने सतीश गोलछा का स्थान लिया। गोलछा 22 अगस्त 2025 से दिल्ली पुलिस का नेतृत्व कर रहे थे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता वाली कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने बृहस्पतिवार को कुमार की अपने मूल कैडर में वापसी को मंजूरी दे दी।

एक आधिकारिक आदेश में कहा गया है, ‘‘सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी से आईपीएस अधिकारी अनुराग कुमार (एजीएमयूटी: 1994) को कार्यभार ग्रहण करने की तारीख से दिल्ली का पुलिस आयुक्त नियुक्त किया जाता है। यह नियुक्ति अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी।’’

आदेश में कहा गया है कि वर्तमान पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा नए पुलिस आयुक्त के कार्यभार ग्रहण करने के बाद आगे की नियुक्ति के लिए दिल्ली के उपराज्यपाल को रिपोर्ट करेंगे। गोलछा भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 1992 बैच के अधिकारी हैं।

इंजीनियरिंग स्नातक कुमार को दिल्ली पुलिस प्रमुख के पद पर नियुक्त करने के लिए 1992 बैच की गरिमा भटनागर और राजेश खुराना तथा 1993 बैच के रॉबिन हिबू की वरीयता को नज़र अंदाज किया गया है। ये तीनों अधिकारी वर्तमान में दिल्ली पुलिस में विशेष पुलिस आयुक्त के पद पर कार्यरत हैं।

आधिकारिक मानदंडों के अनुसार, तीनों को फिर से नई जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।

आसूचना ब्यूरो में अपने दो दशक के कार्यकाल के दौरान, कुमार ने कश्मीर, वीआईपी सुरक्षा और नक्सल सहित कई रणनीतिक डेस्क संभाले। उन्होंने वाशिंगटन में भारतीय मिशन में भी काम किया है।

अधिकारियों ने कहा कि सराहनीय सेवा के लिए 2010 में पुलिस पदक और विशिष्ट सेवा के लिए 2016 में राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित कुमार ने आतंकी नेटवर्क को खत्म करने और जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद की रीढ़ तोड़ने के लिए अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ घनिष्ठ समन्वय में काम किया।

उन्होंने कहा कि उनका प्राथमिक ध्यान शहर की सुरक्षा ढांचे को मजबूत करने और राष्ट्रीय राजधानी में कानून व्यवस्था बनाए रखने, संगठित अपराध पर अंकुश लगाने, साइबर अपराध के बढ़ते खतरे से निपटने और आतंकवाद रोधी तैयारियों को बढ़ाने पर होगा। ये उनके एजेंडे में सबसे ऊपर है।

नए आयुक्त महिला सुरक्षा पहल को मजबूत करने और राजधानी भर में वीआईपी सुरक्षा प्रबंधन सुनिश्चित करने को भी प्राथमिकता देंगे।

एजीएमयूटी कैडर के 1992 बैच के अधिकारी गोलछा को अपनी अगली तैनाती के लिए उपराज्यपाल को रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया है। वह अगले साल अप्रैल में सेवानिवृत्त होने वाले हैं। वह दिल्ली पुलिस के आयुक्त का पदभार संभालने से पहले तिहाड़ जेल के महानिदेशक थे।

भाषा नोमान नोमान पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में