हैदराबाद, 22 मई (भाषा) भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष के टी रामा राव ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि केंद्रीय मंत्री बंडी संजय कुमार के बेटे को पॉक्सो मामले में नौ दिनों तक गिरफ्तार नहीं किया गया, क्योंकि बंडी और तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी के बीच ‘‘आपसी तालमेल’’ था।
उन्होंने दावा किया कि यौन आपराध से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत दर्ज मामले में भगीरथ को तब गिरफ्तार किया गया, जब तेलंगाना उच्च न्यायालय ने गिरफ्तारी से अंतरिम संरक्षण देने से इनकार कर दिया।
बीआरएस नेता ने यहां संवाददाताओं से कहा, “क्या पॉक्सो मामले में किसी आरोपी को नौ दिनों तक गिरफ्तार नहीं किए जाने का कोई उदाहरण है? आप दोनों के बीच क्या समझौता है? मुख्यमंत्री ने उसे (भगीरथ को) क्यों बचाया?”
इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष एन रामचंदर राव ने पहले कहा था कि बीआरएस, केंद्रीय मंत्री के बेटे के खिलाफ पॉक्सो मामले को लेकर भाजपा को बदनाम करने की कोशिश कर रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यदि बंडी संजय कुमार ने कोई गलत काम किया है तो भाजपा उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी, लेकिन उन्होंने कुछ गलत नहीं किया है।
रामचंदर राव ने कहा कि अग्रिम जमानत मांगना कानूनी अधिकार है और केंद्रीय मंत्री के बेटे ने अपनी याचिका खारिज होने के बाद पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया।
भाषा रवि कांत रवि कांत मनीषा
मनीषा