बाराबंकी:किराना कारोबारी के घर फिल्मी अंदाज में डकैती,एक करोड़ रुपये से अधिक की नकदी-जेवर लूटे

Ads

बाराबंकी:किराना कारोबारी के घर फिल्मी अंदाज में डकैती,एक करोड़ रुपये से अधिक की नकदी-जेवर लूटे

  •  
  • Publish Date - May 22, 2026 / 06:16 PM IST,
    Updated On - May 22, 2026 / 06:16 PM IST

बाराबंकी (उप्र), 22 मई (भाषा) बाराबंकी जिले में देवा थानाक्षेत्र के ग्वारी गांव में शुक्रवार तड़के सात हथियारबंद डकैतों ने किराना कारोबारी के परिवार को बंधक बना लिया और उसके घर से करीब 1.02 करोड़ रुपये की नकदी एवं जेवरात लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

उसने बताया कि वारदात के दौरान बच्चों तक को नहीं बख्शा गया।

पुलिस के अनुसार तड़के डकैत देवा-बाराबंकी मार्ग पर दरवाजा तोड़कर किराना कारोबारी आलोक जायसवाल के घर में पीछे से घुसे, उस वक्त परिवार के लोग गहरी नींद में थे।

पुलिस के मुताबिक घर में आलोक, उनकी पत्नी, बेटा हिमांशु, बहू, मायके आईं दो बेटियां और एक मासूम बच्चा मौजूद थे।

पुलिस के अनुसार डकैतों ने पूरे परिवार को एक जगह बैठा दिया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए सभी मुंह पर टेप चिपका दिया। उन्होंने रोने पर बच्चों को पीटा।

पुलिस का कहना है कि करीब एक घंटे तक बदमाश अलमारियां, लॉकर और घर का कोना-कोना खंगालते रहे।

पीड़ित परिवार के मुताबिक डकैत करीब 12 लाख रुपये नकद और लगभग 90 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर ले गए। सुबह करीब 4:22 बजे सभी डकैत फरार हो गए। बाद में परिवार ने खुद को मुक्त कर पुलिस को सूचना दी।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घर की जांच की गई और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

ग्रामीणों ने पुलिस गश्त पर सवाल उठाए हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि जांच के लिए पांच टीम गठित की गई हैं तथा घर के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ के आधार पर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।

उन्होंने कहा कि लगता है कि बदमाशों को नकदी और जेवर की सटीक जानकारी थी जबकि आमतौर पर ऐसी जानकारी परिवार या करीबी लोगों को ही होती है। उन्होंने कहा कि पुलिस जल्द घटना का खुलासा करेगी।

भाषा सं आनन्द

राजकुमार

राजकुमार