गोंदिया के रिहायशी इलाके में दिखा रीछ, बचाव के दौरान भाग निकला; वनकर्मी घायल

गोंदिया के रिहायशी इलाके में दिखा रीछ, बचाव के दौरान भाग निकला; वनकर्मी घायल

गोंदिया के रिहायशी इलाके में दिखा रीछ, बचाव के दौरान भाग निकला; वनकर्मी घायल
Modified Date: July 17, 2026 / 09:14 pm IST
Published Date: July 17, 2026 9:14 pm IST

गोंदिया, 17 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र के गोंदिया शहर के कुछ रिहायशी इलाकों में रीछ (स्लॉथ बियर) के पहुंचने से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। वन विभाग ने उसे पकड़ने के लिए बचाव अभियान शुरू किया, लेकिन उसे पकड़ा नहीं जा सका।

अधिकारियों ने बताया कि बचाव अभियान के दौरान एक वन रक्षक घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उन्होंने बताया कि रीछ को सबसे पहले बृहस्पतिवार रात गणेशनगर इलाके में देखा गया और शुक्रवार सुबह वह पास के गोविंदपुर क्षेत्र में नजर आया। बचाव अभियान के दौरान रीछ भाग निकला और जिलाधिकारी कार्यालय के पीछे स्थित खेतों की ओर चला गया।

गणेशनगर में रीछ देखे जाने के बाद सहायक वन संरक्षक विजय धांडे और वन क्षेत्र अधिकारी प्रशांत हुमाने के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। त्वरित प्रतिक्रिया दल (आरआरटी) को भी बुलाया गया, जबकि शहर पुलिस की टीम भी वहां पहुंची।

अधिकारियों के अनुसार, बचाव अभियान को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। उन्होंने बताया कि बारिश के कारण बचाव अभियान में काफी दिक्कतें आईं और इसका फायदा उठाकर रीछ भाग गया।

हालांकि, शुक्रवार सुबह रीछ फिर गोविंदपुर इलाके में दिखाई दिया। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम दोबारा मौके पर पहुंची।

अधिकारियों ने बताया कि रीछ सिंचाई विभाग के कार्यालय परिसर में मिला। भारी बारिश के कारण एक बार फिर बचाव अभियान में मुश्किलें आईं।

बचाव अभियान के दौरान रीछ ने जाल को भी नुकसान पहुंचाया और भाग निकला। इस दौरान वन रक्षक राजेंद्र गौतम घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए केटीएस सरकारी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानवर बचाव करने वालों को चकमा देकर भाग गया।

भाषा

शुभम दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में