बंगाल सरकार आदिवासी इलाकों के विकास के लिए 350 करोड़ रुपये का पैकेज तैयार कर रही : शुभेंदु

Ads

बंगाल सरकार आदिवासी इलाकों के विकास के लिए 350 करोड़ रुपये का पैकेज तैयार कर रही : शुभेंदु

  •  
  • Publish Date - June 30, 2026 / 07:13 PM IST,
    Updated On - June 30, 2026 / 07:13 PM IST

मुकुटमणिपुर, 30 जून (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को राज्य की पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार पर आदिवासियों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी सरकार ने जनजातीय विकास विभाग को आदिवासी बहुल इलाकों के विकास के लिए 350 करोड़ रुपये का विशेष पैकेज तैयार करने का निर्देश दिया है।

शुभेंदु बांकुरा जिले के लोकप्रिय पर्यटन स्थल मुकुटमणिपुर में ‘हुल दिवस’ के मौके पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। यह दिवस ब्रिटिश राज के खिलाफ 1855 के ऐतिहासिक संथाल विद्रोह की याद में मनाया जाता है।

शुभेंदु ने कहा, “हमने अपने जनजातीय विकास विभाग को राज्य में आदिवासी इलाकों के विकास के लिए 350 करोड़ रुपये का विशेष पैकेज तैयार करने का निर्देश दिया है।”

उन्होंने ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती तृणमूल सरकार पर आदिवासियों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि उसने (ममता सरकार) ‘पश्चिमांचल विकास विभाग’ के लिए निधि नहीं दी थी। यह विभाग राज्य के पश्चिमी जिलों में आदिवासी लोगों के कल्याण के लिए बनाया गया था।

शुभेंदु ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 में राज्य के पश्चिमी हिस्से में आदिवासी-बहुल जंगलमहल इलाके के 75 ब्लॉक में तत्कालीन तृणमूल सरकार ने अलग-अलग कार्यों के लिए सिर्फ छह करोड़ रुपये खर्च किए।

उन्होंने कहा, “हमने वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में इस विभाग के लिए 1,200 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं।”

शुभेंदु ने कहा कि जंगलमहल इलाके में बड़े पैमाने पर विकास कार्य किए जाएंगे, जिसमें पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, पुरुलिया और बांकुरा जिले शामिल हैं।

उन्होंने कहा, “हम स्वास्थ्य देखभाल और जल आपूर्ति जैसी सुविधाओं को बेहतर बनाएंगे।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए झारखंड के जमशेदपुर और पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर जैसे औद्योगिक शहरों को जोड़ने वाले 200 किलोमीटर लंबे ग्रीनफील्ड हाईवे का निर्माण कराना चाहती है।

उन्होंने घोषणा की कि मुकुटमणिपुर में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से लैस एक अस्पताल बनाया जाएगा।

शुभेंदु ने कहा कि सरकार मुकुटमणिपुर को एक आदर्श पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करेगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य के लोगों पर अत्याचार करने के मामले में पूर्ववर्ती तृणमूल सरकार ने अंग्रेजों को भी पीछे छोड़ दिया था।

शुभेंदु ने हाल में संपन्न विधानसभा चुनावों में आदिवासी आबादी से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मिले “भरपूर समर्थन” का जिक्र करते हुए कहा, “हमारे आदिवासी उम्मीदवार अनुसूचित जनजातियों के लिए आरक्षित सभी 16 निर्वाचन क्षेत्रों और अनारक्षित काशीपुर सीट पर भी जीते।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “भाजपा सरकार की ओर से पिछली सरकार की ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना (जिसके तहत महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये मिलते थे) की जगह शुरू की गई ‘अन्नपूर्णा योजना’ के लिए 1.51 करोड़ महिलाओं ने आवेदन किया है। इनमें से 1.20 करोड़ आवेदनों को मंजूरी दे दी गई है।”

शुभेंदु ने कहा कि सरकार बुधवार को अन्नपूर्णा योजना के तहत इन सभी लाभार्थियों के बैंक खातों में 3,000 रुपये अंतरित करेगी। उन्होंने बताया कि इन लाभार्थियों में पांच लाख आदिवासी महिलाएं शामिल हैं।

भाषा पारुल नरेश

नरेश

शीर्ष 5 समाचार