चंडीगढ़, नौ जून (भाषा) पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा से जुड़े धनशोधन मामले की जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय की छापेमारी के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को केंद्र सरकार पर व्यापारियों को ‘‘परेशान’’ करने का आरोप लगाया।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि पंजाब के हिंदू व्यापारी राज्य की आर्थिक प्रगति की रीढ़ हैं और उन्होंने ‘रंगला पंजाब’ के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
भाजपा पर निशाना साधते हुए मान ने आरोप लगाया कि केंद्र की एजेंसियों का दुरुपयोग कर व्यापारियों को परेशान किया जा रहा है।
आम आदमी पार्टी (आप) भाजपा को अक्सर ‘‘ईडी पार्टी’’ कहती है।
मान ने कहा, ‘‘ईडी पार्टी हमारे व्यापारियों को डराने-धमकाने की कोशिश कर रही है ताकि राजनीतिक दबाव में उन्हें अपनी ओर झुकाया जा सके, जिसे पंजाब के लोग कभी स्वीकार नहीं करेंगे।’’
यह बयान ऐसे समय आया है जब ईडी ने मंगलवार को मोबाइल फोन बिक्री से जुड़े कथित 100 करोड़ रुपये के जीएसटी घोटाले और धनशोधन मामले में संजीव अरोड़ा व अन्य से जुड़े ठिकानों पर ताजा तलाशी अभियान चलाया।
अधिकारियों के अनुसार, पंजाब के जालंधर और लुधियाना तथा उत्तर प्रदेश के बरेली और नोएडा में लगभग छह स्थानों पर छापेमारी की गई।
संजीव अरोड़ा को पिछले महीने ईडी ने चंडीगढ़ स्थित उनके आधिकारिक आवास पर लंबी छापेमारी के बाद गिरफ्तार किया था और वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।
आम आदमी पार्टी के पंजाब में प्रमुख हिंदू चेहरों में से एक माने जाने वाले अरोड़ा बिजली, उद्योग और वाणिज्य विभाग संभालते थे।
वह लुधियाना के उद्योगपति भी हैं।
भाषा मनीषा रंजन
रंजन