नयी दिल्ली, तीन मार्च (भाषा) भाजपा ने मंगलवार को कांग्रेस की हरियाणा इकाई की एक पूर्व नेता के पति के दावे का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि गांधी परिवार ने राज्य में विधानसभा चुनाव का टिकट देने के बदले दंपति से सात करोड़ रुपये ‘‘वसूलने’’ की कोशिश की थी।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने दावा किया कि हरियाणा महिला कांग्रेस की पूर्व महासचिव के पति गौरव कुमार ने प्रियंका गांधी वाद्रा समेत वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के निजी सहायकों से जुड़ी व्हाट्सऐप चैट सार्वजनिक की है। उन्होंने इस चैट को गांधी परिवार के ‘‘भ्रष्टाचार’’ का ‘‘प्रथम दृष्टया प्रमाण’’ बताया।
हालांकि, भंडारी ने कांग्रेस की संबंधित पूर्व नेता का नाम नहीं बताया और न ही यह स्पष्ट किया कि क्या यह आरोप राज्य में 2024 में हुए विधानसभा चुनाव से संबंधित है।
भाजपा के इस आरोप पर कांग्रेस की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
उन्होंने यहां भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से कहा, ‘‘पिछले कुछ दिनों से देश में इस बात पर चर्चा हो रही है कि गांधी-वाद्रा परिवार किस तरह से भ्रष्ट और समझौतावादी है।’’
भंडारी ने कहा, ‘‘आज हम आपके समक्ष प्रियंका वाद्रा, राहुल गांधी और सोनिया गांधी द्वारा किए गए भ्रष्टाचार के प्रथम दृष्टया प्रमाण प्रस्तुत कर रहे हैं।’’
उन्होंने दावा किया कि कुमार ने इस बात का खुलासा किया है कि गांधी परिवार ने उनकी पत्नी को बावल विधानसभा सीट से पार्टी का टिकट दिलाने के बदले सात करोड़ रुपये की उगाही करने की कोशिश की थी।
भंडारी ने कहा, ‘‘एक संवाददाता सम्मेलन में, गौरव कुमार ने प्रियंका वाद्रा, केसी वेणुगोपाल और के. सुरेश के निजी सहायकों के साथ हुई व्हाट्सऐप चैट को सार्वजनिक किया, जिससे यह खुलासा हुआ कि गांधी परिवार ने वेणुगोपाल का इस्तेमाल हरियाणा महिला कांग्रेस की पूर्व महासचिव से पैसे वसूलने के लिए एक मोहरे के रूप में किया था।’’
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि गांधी परिवार ने इस मुद्दे पर चुप्पी साध रखी है, जो उनके द्वारा ‘‘दोष स्वीकार किए जाने’’ के अलावा और कुछ नहीं है।
भाषा
नेत्रपाल माधव
माधव