संस्कृत पर कांग्रेस सांसद के बयान को लेकर भाजपा ने विपक्षी दल पर बोला हमला
संस्कृत पर कांग्रेस सांसद के बयान को लेकर भाजपा ने विपक्षी दल पर बोला हमला
नयी दिल्ली, 17 जुलाई (भाषा) संस्कृत भाषा देश के बाहर से आने संबंधी कांग्रेस सांसद मोहम्मद जावेद के बयान की आलोचना करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को कहा कि यह पार्टी की तुष्टीकरण की मानसिकता और भारतीय अस्मिता व सभ्यता का अपमान करने की आदत को दिखाता है।
भाजपा की यह प्रतिक्रिया एक वीडियो क्लिप सामने आने के बाद आई, जिसमें जावेद को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि उर्दू भारत में पैदा हुई, जबकि संस्कृत और अंग्रेजी नहीं।
वीडियो में, बिहार के किशनगंज निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा सदस्य जावेद को यह कहते हुए सुना गया, ‘‘बिहार में उर्दू दूसरी भाषा है। हम दूसरी भाषा को इस तरह खत्म नहीं होने देंगे। हम चाहते हैं कि उर्दू, जो हिंदुस्तान के लोगों की भाषा है और बाहर से नहीं आई है, उसे बचाया जाए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘संस्कृत बाहर से आई, अंग्रेजी बाहर से आई। हिंदी और उर्दू हमारी भाषाएं हैं; वे हिंदुस्तान में पैदा हुईं।’’
इन टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए, भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि ऐसी सोच केवल उन्हीं लोगों की हो सकती है जो सनातन में विश्वास नहीं करते।
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘जो लोग बाबर को अपना आदर्श मानते हैं, उनके लिए संस्कृत एक विदेशी भाषा है। हर भारतीय भाषा भारत की है। यह बयान स्पष्ट रूप से तुष्टीकरण की मानसिकता को दर्शाता है।’’
भंडारी ने कहा, ‘‘उन्होंने राम मंदिर को बेकार कहा, और अब वे संस्कृत को विदेशी भाषा कह रहे हैं। ऐसी सोच मुगलों की थी। वे आक्रमणकारियों को अपना आदर्श मानते हैं और भगवान श्री राम को काल्पनिक कहते हैं।’’
भाजपा के एक और प्रवक्ता, शहजाद पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस का भारत, उसकी अस्मिता और सभ्यता का अपमान करने का इतिहास रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने न केवल सैम पित्रोदा को यह कहते हुए सुना है कि भारतीय अफ्रीकी और चीनी जैसे दिखते हैं, बल्कि अब एक कांग्रेस सांसद ने दावा किया है कि संस्कृत बाहर से आई है। हर कोई जानता है कि संस्कृत एक भारतीय भाषा है। यह भारत की भाषा है और भारत की सभ्यतागत विरासत से पैदा हुई है।’’
पूनावाला ने वीडियो जारी कर अपने बयान में कहा कि कांग्रेस के वे सदस्य जिनके नेता विदेश से आए हैं, उन्हें यह दावा करना बंद कर देना चाहिए कि संस्कृत भारत के बाहर से आई है।
भाजपा प्रवक्ता का इशारा सोनिया गांधी के इतालवी मूल की ओर माना जा रहा है।
पूनावाला ने कहा, ‘‘उनके नेता आयातित हैं, उनकी पार्टी आयातित ताकतों और विदेशी ताकतों, अंग्रेजों द्वारा बनाई गई थी। वे ऐसे दावे कर रहे हैं। कांग्रेस की स्थापना एलन ऑक्टेवियन ह्यूम द्वारा की गई थी। इसके कई विदेशी अध्यक्ष रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘सोनिया गांधी खुद इटली से आई हैं और राहुल गांधी को भारत के बजाय विदेश में रहना ज्यादा पसंद है। उन्हें भारतीय पहचान, भारतीय संस्कृति और भारतीय सभ्यता का अपमान करना बंद कर देना चाहिए।’’
भाषा वैभव माधव
माधव

Facebook


