कोयंबटूर, चार फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु इकाई के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने अपने पिता की खराब सेहत को देखते हुए तमिलनाडु में छह विधानसभा क्षेत्रों के चुनाव प्रभारी की जिम्मेदारी से हटने का फैसला किया है।
अन्नामलाई ने तीन फरवरी को मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्होंने अपने इस फैसले की जानकारी तमिलनाडु भाजपा नेतृत्व को दे दी है।
उन्होंने कहा, “मैंने तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन सहित पार्टी नेतृत्व से आग्रह किया है कि मैं इस समय अपने पिता के साथ रहना चाहता हूं। मेरे पिता डायलिसिस पर हैं और उनकी देखभाल करना मेरा पहला कर्तव्य है। मैंने (नेतृत्व को) यह भी बताया है कि मैं इस बार यात्रा करने की स्थिति में नहीं हूं। मुझे उम्मीद है कि पार्टी इसे स्वीकार करेगी…।”
अन्नामलाई को तमिलनाडु के सिंगानल्लूर, विरुगमबाक्कम (चेन्नई), करैक्कुडी, श्रीवैकुंटम, मदुरै (दक्षिण) और पद्मनाभपुरम (कन्याकुमारी) विधानसभा क्षेत्रों का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया था।
भाषा खारी शोभना
शोभना