हैदराबाद, पांच अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद के. लक्ष्मण, एटाला राजेंद्र और के. विश्वेश्वर रेड्डी ने बुधवार को यहां भाजपा नेता और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार से दोपहर के भोजन पर मुलाकात की।
यह मुलाकात राजेंद्र और कुमार के बीच मतभेदों की खबरों तथा पार्टी नेतृत्व की ओर से इस मुद्दे को सुलझाने की कोशिशों के बीच महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
कुमार ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘नयी दिल्ली स्थित आवास पर सांसद डॉ. के. लक्ष्मण, एटाला राजेंद्र और के. विश्वेश्वर रेड्डी के साथ भोजन और बातचीत का अवसर मिला। अच्छी बातचीत हमेशा कुछ नया सोचने का अवसर देती है।’’
इससे पहले, तेलंगाना में भाजपा के पार्टी मामलों के प्रभारी अभय पाटिल ने 18 जुलाई को एटाला राजेंद्र और बंडी संजय कुमार के बीच मतभेदों की खबरों के बीच दोनों नेताओं के साथ बैठक की थी।
उस समय वरिष्ठ भाजपा नेता और राज्यसभा सदस्य के. लक्ष्मण भी बैठक में मौजूद थे।
भाजपा के सूत्रों ने बताया था कि पाटिल ने बंडी संजय कुमार और एटाला राजेंद्र के बीच लंबे समय से चली आ रही मतभेद की खबरों के मद्देनजर दोनों नेताओं के साथ यह बैठक की थी।
भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के पूर्व नेता एटाला राजेंद्र ने के. चंद्रशेखर राव के नेतृत्व वाली पार्टी से मतभेद के बाद वर्ष 2021 में भाजपा का दामन थाम लिया था। वह लोकसभा में मल्काजगिरि संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं।
भाषा
राखी पवनेश
पवनेश
पवनेश