कर्नाटक विधान परिषद चुनाव में ‘क्रॉस वोटिंग’ पर भाजपा की तथ्यान्वेषी समिति ने सौंपी रिपोर्ट

Ads

कर्नाटक विधान परिषद चुनाव में 'क्रॉस वोटिंग' पर भाजपा की तथ्यान्वेषी समिति ने सौंपी रिपोर्ट

  •  
  • Publish Date - June 27, 2026 / 05:58 PM IST,
    Updated On - June 27, 2026 / 05:58 PM IST

बेंगलुरु, 27 जून (भाषा) कर्नाटक में हाल में हुए विधान परिषद चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायकों की ओर से की गई ‘क्रॉस वोटिंग’ की जांच के लिए पार्टी की प्रदेश इकाई द्वारा गठित तथ्यान्वेषी समिति ने शनिवार को अपनी रिपोर्ट प्रदेश अध्यक्ष बी. वाई. विजयेंद्र को सौंप दी है।

समिति के प्रमुख एवं वरिष्ठ विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) सी. टी. रवि ने कहा कि रिपोर्ट में जांच के दौरान जुटाई गई जानकारियां शामिल हैं और उन क्षेत्रों की पहचान की गई है, जहां भाजपा को आंतरिक रूप से अधिक सतर्क रहने की जरूरत है।

रवि ने कहा, ‘‘भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष विजयेंद्र ने मेरे, प्रदेश उपाध्यक्ष एन. महेश और विधायक महेश तेंगिनाकाई की सदस्यता वाली तीन-सदस्यीय आंतरिक तथ्यान्वेषी समिति का गठन किया था। उन्होंने हमें आंतरिक जांच कर जल्द से जल्द रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया था।’’

उन्होंने बताया कि निर्देश के अनुसार समिति ने चार दिनों के भीतर जांच पूरी कर रिपोर्ट सौंप दी।

रिपोर्ट सौंपने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में रवि ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष से निर्देश मिलने के तुरंत बाद समिति ने जांच का दायरा तय करने के लिए एक डिजिटल बैठक की थी।

उन्होंने कहा कि यह प्रदेश अध्यक्ष को सौंपी गई आंतरिक जांच रिपोर्ट है, इसलिए इसके अन्य विवरणों का खुलासा करना उचित नहीं होगा।

रवि ने यह पूछे जाने पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया कि क्या रिपोर्ट में ‘क्रॉस वोटिंग’ में शामिल लोगों की पहचान की गई है।

उन्होंने कहा, ‘‘राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के विधायकों द्वारा ‘क्रॉस वोटिंग’ के 12 मामले सामने आए। भाजपा ने चार वोट खो दिए, जिसमें एक अवैध वोट भी शामिल था। भाजपा के दो उम्मीदवारों के लिए 30 वोट आवंटित किए गए थे।’’

रवि ने कहा, ‘‘एक उम्मीदवार को 29 वोट मिले, जबकि एक वोट अवैध घोषित कर दिया गया। वहीं, दूसरे उम्मीदवार को 27 वोट मिले, जो उम्मीद से तीन कम थे। जनता दल (सेक्युलर) को 22 वोट मिलने चाहिए थे, लेकिन उसे केवल 14 वोट मिले, यानी उसमें आठ वोटों की कमी थी।’’

भाषा प्रचेता सुरेश

सुरेश