त्रुटियों से भरी पाठ्यपुस्तक के कारण बच्चों का भविष्य दांव पर: नवीन पटनायक

Ads

त्रुटियों से भरी पाठ्यपुस्तक के कारण बच्चों का भविष्य दांव पर: नवीन पटनायक

  •  
  • Publish Date - June 30, 2026 / 06:35 PM IST,
    Updated On - June 30, 2026 / 06:35 PM IST

भुवनेश्वर, 30 जून (भाषा) बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने मंगलवार को ओडिशा में स्कूल के विद्यार्थियों को त्रुटियों से भरी पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराने को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इससे ‘बच्चों के भविष्य की नींव हिल गई है’।

पूर्व मुख्यमंत्री ने पाठ्यपुस्तकों को बच्चों के लिए ‘सच्चाई का पहला स्रोत’ बताते हुए कहा, “जब इस भरोसे से समझौता होता है, तो इसका नुकसान केवल छपाई की गलती तक सीमित नहीं रहता।”

सरकारी विद्यालयों के कुछ शिक्षकों ने पहली से आठवीं कक्षा तक की नयी पाठ्यपुस्तकों में 1,600 से अधिक त्रुटियों की ओर ध्यान दिलाया था, जिनमें वर्तनी संबंधी गलतियां और कई प्रतिष्ठित व्यक्तियों के नाम गलत लिखे जाने जैसी गलतियां शामिल हैं।

विपक्षी बीजद इस मामले में ओडिशा के स्कूल एवं जन शिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड के इस्तीफे और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग कर रही है।

पार्टी के युवा और छात्र संगठनों ने मंत्री के आवास के बाहर प्रदर्शन किया।

पटनायक ने पाठ्यपुस्तकों में त्रुटियों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “स्कूल की पाठ्यपुस्तकें केवल किताबें नहीं होतीं। हर बच्चे के लिए वे सच्चाई का पहला स्रोत होती हैं। एक बच्चा कई बातों पर सवाल उठा सकता है, लेकिन स्कूल की पाठ्यपुस्तक में छपे शब्दों पर नहीं।”

उन्होंने कहा, “किताबें पूर्ण आस्था और विश्वास का विषय होती हैं। पाठ्यपुस्तकों के माध्यम से एक पूरी पीढ़ी न केवल तथ्य सीखती है, बल्कि व्यवस्था में विश्वास और समाज के प्रति भरोसा भी विकसित करती है।”

विधानसभा में विपक्ष के नेता ने कहा, “जब इस भरोसे से समझौता होता है तो इसका नुकसान केवल छपाई की गलती तक सीमित नहीं रहता। यह हमारे बच्चों के भविष्य की नींव पर सीधा प्रहार करता है।”

उन्होंने कहा कि ओडिशा की भाजपा सरकार ने उस पवित्र विश्वास के साथ ‘विश्वासघात’ किया है।

पटनायक ने कहा कि इसका खामियाजा लाखों विद्यार्थियों को भुगतना पड़ रहा है, जो ओडिशा के भविष्य’ हैं।

उन्होंने कहा, “त्रुटियों से भरी पाठ्यपुस्तकें छापकर और फिर उन्हें वापस लेने के मुद्दे पर बार-बार रुख बदलकर हम अपने बच्चों के भविष्य की नींव को प्रभावित कर रहे हैं।”

बीजद अध्यक्ष ने कहा, “सरकार पाठ्यपुस्तकों के नए संस्करण में गलतियों को सुधार सकती है लेकिन ओडिशा के बच्चों की एक पूरी पीढ़ी के विश्वास को टूटने की जिम्मेदारी कौन लेगा? उनके भरोसे पर लगे उस घाव का जवाब कौन देगा, ऐसा घाव जिसे कोई संशोधन भी नहीं भर सकता?”

पाठ्यपुस्तकों में हुई त्रुटियों के मामले में राज्य सरकार ने शिक्षक शिक्षा निदेशालय और एससीईआरटी के पूर्व निदेशक मनोज पाधी सहित चार वरिष्ठ अधिकारियों को निलंबित कर दिया है।

भाषा जितेंद्र अविनाश

अविनाश

शीर्ष 5 समाचार