कोच्चि, नौ मई (भाषा) केरल के कोच्चि में एक मॉडल का ‘यौन उत्पीड़न’ करने के आरोप में फिल्म उद्योग के एक सह-निर्देशक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि अलप्पुझा जिले के चेंगन्नूर के जोजो कुरीशिंकल के खिलाफ छह मई को माराडू थाने में मामला दर्ज किया गया था।
कुरीशिंकल ने कई फिल्मों में सहायक और सह-निर्देशक के रूप में काम किया है।
इस संबंध में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, शिकायतकर्ता कोच्चि में एक मॉडल है और वह जुलाई 2023 में एक डेटिंग ऐप के माध्यम से कुरीशिंकल से मिली थी।
इसके अनुसार, आरोपी ने शिकायतकर्ता को बताया था कि वह एक फिल्म निर्देशक है और अपनी पत्नी से अलग हो चुका है, जिसके बाद उसने महिला के सामने शादी का प्रस्ताव रखा था।
प्राथमिकी के अनुसार, आरोपी ने बाद में शिकायतकर्ता और उसकी मां को आश्वासन दिया था कि वह अपने तलाक से जुड़ी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होते ही महिला से शादी कर लेगा।
आरोपी ने 18 अप्रैल, 2024 को शिकायतकर्ता को वाइटिला स्थित अपने मकान में आमंत्रित किया, जहां उसने उसका कथित तौर पर ‘यौन उत्पीड़न’ किया।
प्राथमिकी में यह आरोप लगाया गया है कि इसके बाद भी वह महिला का यौन उत्पीड़न करता रहा। इसमें यह भी कहा गया है कि आरोपी ने कई मौकों पर शिकायतकर्ता के साथ ‘मारपीट’ की और बाद में उससे शादी करने से इनकार कर दिया।
शिकायत के आधार पर, पुलिस ने एक ही महिला के साथ बार-बार दुष्कर्म करने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि महिला का गोपनीय बयान दर्ज किया जाएगा, जिसके बाद आरोपी को पूछताछ के लिए तलब किया जाएगा।
भाषा
प्रचेता दिलीप
दिलीप