कॉजपा संसद मार्च : डीएमआरसी ने पांच मेट्रो स्टेशन बंद किए; सैकड़ों यात्री फंसे, अफरा-तफरी का माहौल

Ads

कॉजपा संसद मार्च : डीएमआरसी ने पांच मेट्रो स्टेशन बंद किए; सैकड़ों यात्री फंसे, अफरा-तफरी का माहौल

  •  
  • Publish Date - July 20, 2026 / 04:21 PM IST,
    Updated On - July 20, 2026 / 04:21 PM IST

नयी दिल्ली, 20 जुलाई (भाषा) दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के ‘संसद चलो’ मार्च के मद्देनजर सुरक्षा कारणों से पांच मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए, जिससे राष्ट्रीय राजधानी के कई मेट्रो स्टेशन पर सैकड़ों यात्री फंस गए, कई प्रदर्शनकारी अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सके और स्टेशन परिसर के भीतर तथा आसपास अफरा-तफरी का माहौल नजर आया।

शहर के सबसे व्यस्त ‘इंटरजेंच’ मेट्रो स्टेशन में से एक राजीव चौक पर बंद प्रवेश और निकास द्वारों के बाहर यात्रियों की भारी भीड़ देखी गई।

वहीं, पटेल चौक मेट्रो स्टेशन के पास सुरक्षा कर्मियों ने जंतर-मंतर स्थित कॉजपा के प्रदर्शन स्थल की ओर जा रहे लोगों को तितर-बितर करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया।

सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में कुछ यात्री बंद किए गए मेट्रो स्टेशन से बाहर निकलने के लिए बैरिकेड और निकास-प्रवेश द्वार को फांदते नजर आए।

कुछ मेट्रो स्टेशन के भीतर भी विरोध-प्रदर्शन देखने को मिला।

मंडी हाउस और राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के भीतर जुटे प्रदर्शनकारियों ने ‘भारत माता की जय’ तथा ‘वंदे मातरम’ जैसे नारे लगाए। राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर इकट्ठा हुए सैकड़ों लोगों ने ताली बजाते हुए देशभक्ति के नारे लगाए।

जनपथ मेट्रो स्टेशन के बाहर सुबह छात्रों, दफ्तर जाने वाले लोगों और अन्य यात्रियों की भीड़ बंद प्रवेश-निकास द्वारों के पास सुरक्षा कर्मियों से जानकारी मिलने का इंतजार करती दिखाई दी।

कई लोगों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबा रास्ता अपनाना पड़ा। वहीं, कई लोग मेट्रो पकड़ने के लिए आसपास के अन्य मेट्रो स्टेशन की ओर पैदल गए।

अमित शर्मा नामक यात्री ने कहा, “सोमवार की भीड़ से बचने के लिए मैं रोजाना से करीब एक घंटा पहले घर से निकला था, लेकिन अब मुझे दूसरे मेट्रो स्टेशन तक पैदल जाना पड़ रहा है। दफ्तर पहुंचने में कम से कम 30 से 40 मिनट और लगेंगे।”

दो सहपाठियों के साथ जनपथ मेट्रो स्टेशन पहुंची कॉलेज छात्रा रिया वर्मा ने कहा कि उन्हें स्टेशन बंद होने की कोई जानकारी नहीं थी।

रिया के मुताबिक, “हम स्टेशन पहुंचे तो देखा कि गेट बंद हैं। कुछ मिनट तक किसी को समझ नहीं आया कि क्या हो रहा है। अब हम कॉलेज पहुंचने के लिए दूसरा रास्ता तलाश रहे हैं।”

डीएमआरसी ने सोमवार सुबह ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि सुरक्षा कारणों से राजीव चौक, जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय और सेवा तीर्थ मेट्रो स्टेशन अगली सूचना तक बंद रहेंगे।

कॉजपा के प्रस्तावित संसद मार्च के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किए जाने के बीच यह निर्णय लिया गया।

इस दौरान कई यात्री मोबाइल पर नेविगेशन ऐप देखते, अपने सहकर्मियों और परिजन को फोन करते या मेट्रो कर्मचारियों तथा पुलिसकर्मियों से वैकल्पिक मार्ग की जानकारी लेते दिखाई दिए।

कई लोग पैदल ही आसपास के चालू मेट्रो स्टेशन की ओर निकल पड़े, जबकि अन्य ने बस, ऑटो-रिक्शा और कैब का सहारा लिया।

भाषा पारुल वैभव

वैभव