चंडीगढ़, नौ मई (भाषा) ‘हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड’ ने शनिवार को कहा कि कंपनी को कानूनी प्रक्रिया पर पूरा भरोसा है और वह सभी वैधानिक अधिकारियों के साथ पूर्ण सहयोग कर रही है तथा आगे भी करती रहेगी।
पंजाब सरकार में मंत्री संजीव अरोड़ा ‘हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड’ में निदेशक थे।
‘हैम्पटन स्काई रियल्टी’ द्वारा शनिवार शाम को जारी एक बयान के मुताबिक, “सभी प्रासंगिक तथ्य, दस्तावेज और सत्यापित रिकॉर्ड अदालत के समक्ष विधिवत रूप से प्रस्तुत किए जाएंगे। कंपनी को मामले के तथ्यों, अपने वैधानिक रिकॉर्ड की सत्यता और न्यायपालिका की दूरदर्शिता पर पूर्ण विश्वास है। कंपनी को विश्वास है कि सत्य की जीत होगी।”
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा शनिवार को पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा को गिरफ्तार किये जाने के बाद कंपनी ने यह बयान जारी किया।
अरोड़ा की गिरफ्तारी कथित धोखाधड़ी वाले जीएसटी लेनदेन से जुड़े 100 करोड़ रुपये के धन शोधन मामले में सिलसिलेवार छापेमारी के बाद की गई।
कंपनी ने बयान में कहा, “प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई से संबंधित हालिया घटनाक्रमों के संदर्भ में, कंपनी तथ्यात्मक स्थिति को स्पष्ट करती है। कंपनी अपने द्वारा स्थापित तथ्यों और देश के कानूनी व संवैधानिक ढांचे में पूर्ण विश्वास रखती है।”
भाषा जितेंद्र संतोष
संतोष