कांग्रेस ने विधानसभा चुनावों की रणनीति बनाने के लिए पंजाब के नेताओं की बैठक बुलाई

Ads

कांग्रेस ने विधानसभा चुनावों की रणनीति बनाने के लिए पंजाब के नेताओं की बैठक बुलाई

  •  
  • Publish Date - July 20, 2026 / 10:37 PM IST,
    Updated On - July 20, 2026 / 10:37 PM IST

चंडीगढ़, 20 जुलाई (भाषा) कांग्रेस ने पंजाब में अगले साल की शुरुआत में प्रस्तावित विधानसभा चुनावों की रणनीति बनाने के लिए मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में राज्य के नेताओं की बैठक बुलाई है। पार्टी सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के पंजाब मामलों के प्रभारी भूपेश बघेल ने चुनाव से जुड़ी समितियों की जिम्मेदारी संभालने वाले पार्टी नेताओं की बैठक बुलाई है।

उन्होंने बताया कि बैठक में कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा, अमर सिंह, गुरजीत सिंह औजला और धर्मवीर गांधी के शामिल होने की उम्मीद है।

सूत्रों के मुताबिक, सांसद सोमवार को शुरू हुए संसद के मानसून सत्र में हिस्सा लेने के लिए पहले से ही दिल्ली में हैं।

उन्होंने बताया कि बैठक में आगामी चुनावों के लिए पार्टी की रणनीति और प्रचार योजना पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

यह बैठक कांग्रेस की पंजाब इकाई में नेतृत्व को लेकर जारी खींचतान के मद्देनजर अहम मानी जा रही है।

वडिंग को पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष बनाए रखने और चन्नी को प्रचार अभियान समिति का प्रमुख नियुक्त करने के पार्टी आलाकमान के फैसले के बाद प्रदेश इकाई में आपसी कलह शुरू हो गई।

चन्नी और रंधावा के नेतृत्व में कुछ नेताओं ने वडिंग के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बने रहने का विरोध किया और उन्हें हटाने की मांग की। इसके बाद बघेल ने पंजाब का दौरा कर पार्टी नेताओं से बातचीत की।

हालांकि, चन्नी ने 16 जुलाई को एआईसीसी महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल से मुलाकात के बाद कहा, “सब कुछ ठीक है।” उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि वह और अन्य नेता पार्टी आलाकमान की ओर से लिए गए फैसले का पालन करेंगे।

भाषा पारुल रंजन

रंजन