राहुल गांधी ने हादसे में जान गंवाने वाले कांग्रेस कार्यकर्ता अमर मेहता के परिजनों से मुलाकात की
राहुल गांधी ने हादसे में जान गंवाने वाले कांग्रेस कार्यकर्ता अमर मेहता के परिजनों से मुलाकात की
देहरादून, 17 जुलाई (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान हुए हादसे में जान गंवाने वाले पार्टी कार्यकर्ता अमर मेहता के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शुक्रवार को उनके परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी।
गांधी ने इस संबंध में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि देहरादून में कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान हुई दुखद दुर्घटना में कांग्रेस के साथी अमर मेहता का निधन अत्यंत पीड़ादायक है।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, ‘‘आज उनके परिजनों से मिलकर अपनी गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। एक समर्पित साथी का अचानक चले जाना हम सभी के लिए गहरा आघात है।’’
गांधी ने कहा कि इस कठिन समय में वह और पूरी कांग्रेस पार्टी शोकाकुल परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने कहा, ‘‘अमर मेहता जी को विनम्र श्रद्धांजलि।’’
गौरतलब है कि राहुल गांधी के शुक्रवार को प्रस्तावित कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ की तैयारियों के दौरान देहरादून के बन्नू स्कूल मैदान में लगाए गए टेंट से लोहे की एक रॉड गिर गई थी, जिसकी चपेट में आने से 65 वर्षीय कांग्रेस कार्यकर्ता अमर मेहता की मौत हो गई थी।
भाषा
दीप्ति रवि कांत

Facebook


