कांग्रेस नेतृत्व ने तेलंगाना के स्थानीय निकाय के चुनावों के परिणाम की समीक्षा की
कांग्रेस नेतृत्व ने तेलंगाना के स्थानीय निकाय के चुनावों के परिणाम की समीक्षा की
( तस्वीरों सहित )
नयी दिल्ली, 19 फरवरी (भाषा) कांग्रेस नेतृत्व ने तेलंगाना के स्थानीय निकाय के चुनावों में पार्टी की शानदार जीत के बाद बृहस्पतिवार को प्रदेश इकाई के वरिष्ठ नेताओं के साथ समीक्षा बैठक की और ‘प्रजाला तेलंगाना’ (जनता का तेलंगाना) के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने पर पर जोर दिया।
पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ हुई बैठक में तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी, प्रदेश प्रभारी मीनाक्षी नटराजन, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बी. महेश कुमार गौड़ तथा कई अन्य नेता शामिल हुए।
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भी इस बैठक में भाग लिया।
खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘तेलंगाना में स्थानीय निकाय चुनावों में हमारी शानदार जीत के बाद, हमने एक व्यापक समीक्षा की, तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस के नेताओं और मंत्रियों को प्रजाला तेलंगाना के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने के लिए कहा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘सामाजिक कल्याण, आर्थिक सशक्तीकरण और सभी के लिए न्याय का हमारा संकल्प दृढ़ है और हमारी गारंटी में परिलक्षित होता है। हम प्रत्येक नागरिक की आकांक्षाओं को साकार करने और वास्तव में समावेशी तेलंगाना का निर्माण करने का प्रयास जारी रखेंगे।’’
तेलंगाना की 116 नगरपालिकाओं और सात नगर निगमों के लिए 11 फरवरी को मतदान हुआ था। इन चुनावों में कांग्रेस ने कुल 2,582 वार्डों में से 1,300 से अधिक पर जीत हासिल कर शानदार प्रदर्शन किया। वहीं, भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) को लगभग 700 और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को करीब 275 वार्डों में जीत हासिल हुई।
भाषा हक हक मनीषा
मनीषा

Facebook


