जयपुर, 30 जून (भाषा) राजस्थान के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार को भीलवाड़ा जिले के कोतवाली थाने में तैनात एक कांस्टेबल को छह हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी के अनुसार, एसीबी की भीलवाड़ा इकाई को शिकायत मिली थी कि परिवादी के खिलाफ कोतवाली थाने में दर्ज एक मामले में उसे बार-बार थाने बुलाकर परेशान किया जा रहा है। ऐसा आरोप है कि मामले की फाइल में शीघ्र कार्रवाई करने के बदले कांस्टेबल रज्जाक मोहम्मद रिश्वत की मांग कर रहा था।
एसीबी के अनुसार परिवादी ने शिकायत में बताया कि उसके खिलाफ दर्ज प्राथमिकी की जांच सहायक उपनिरीक्षक मदनलाल जांगिड़ कर रहे हैं, जबकि प्रकरण से संबंधित पत्रावली का कार्य कांस्टेबल रज्जाक मोहम्मद देख रहा था।
अधिकारी ने बताया कि कांस्टेबल ने फाइल में जल्द कार्रवाई करने के नाम पर 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। बाद में यह सौदा 15 हजार रुपये में तय हुआ, जिसमें से आरोपी कथित रूप से पहले ही पांच हजार रुपये ले चुका था। इसके बाद वह शेष 10 हजार रुपये के लिए लगातार दबाव बना रहा था।
उन्होंने बताया कि शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए गए।
एसीबी अजमेर रेंज के उपमहानिरीक्षक नारायण टोगस के निर्देशन में टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई करते हुए आरोपी कांस्टेबल को छह हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में विस्तृत कार्रवाई जारी है।
उन्होंने कहा कि एसीबी इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विस्तृत जांच करेगी।
भाषा
बाकोलिया रवि कांत