कोच्चि, चार अप्रैल (भाषा) केरल की एक अदालत ने फिल्म शूटिंग सेट पर कथित यौन उत्पीड़न की घटना के सिलसिले में गिरफ्तार निर्देशक रंजीत को शनिवार को तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
एर्नाकुलम के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सेलमैथ आरएम ने पुलिस द्वारा दायर उस याचिका को स्वीकार कर लिया जिसमें रंजीत की तीन दिन की हिरासत का अनुरोध किया गया था।
अदालत ने सोमवार शाम तक हिरासत मंजूर कर दी है।
रंजीत को शनिवार सुबह एर्नाकुलम उप जेल से अदालत में पेश किया गया। उन्हें पिछले तीन दिन से इसी जेल में रखा गया है।
निर्देशक ने खुद को निर्दोष बताते हुए इस मामले में जमानत याचिका भी दायर की है।
रंजीत के वकील ने दलील दी कि गिरफ्तारी उचित प्रक्रिया का पालन किए बिना की गई और जमानत का अनुरोध करते हुए उनकी स्वास्थ्य स्थिति का हवाला दिया।
अदालत ने कहा कि वह जमानत याचिका पर बाद में विचार करेगी।
एक अभिनेत्री की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि फोर्ट कोच्चि में एक फिल्म की शूटिंग के दौरान निर्देशक ने एक वैन के अंदर उसका यौन उत्पीड़न किया जिसके बाद मंगलवार रात रंजीत को थोडुपुझा से गिरफ्तार किया गया।
भाषा तान्या खारी
खारी