तिरुवनंतपुरम, 31 जुलाई (भाषा) वरिष्ठ माकपा नेता वी शिवनकुट्टी ने शुक्रवार को केरल में यूडीएफ सरकार से राज्य में भाजपा के विधानसभा चुनाव अभियान में कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच के लिए मामला दर्ज करने और एक एसआईटी गठित करने का आग्रह किया।
यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, शिवनकुट्टी ने कहा कि केरल भाजपा में करोड़ों रुपये की कथित हेरफेर के बारे में आईं खबरें ‘बेहद गंभीर’ हैं और इनकी निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले अनुभवों से पता चलता है कि ऐसे आरोप ‘महज दिखावा’ नहीं थे। उन्होंने दावा किया कि भ्रष्टाचार और काले धन का लेनदेन भाजपा की राजनीतिक संस्कृति का हिस्सा बन गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘मीडिया में सामने आई खबरों और सबूतों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। राज्य सरकार को तुरंत मामला दर्ज करना चाहिए और प्रभावी तथा निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) नियुक्त करना चाहिए।’’
शिवनकुट्टी ने आरोप लगाया कि जनता को धोखा देकर और यहां तक कि पार्टी कार्यकर्ताओं को अंधेरे में रखकर की गई ऐसी वित्तीय धोखाधड़ी लोकतांत्रिक व्यवस्था का अपमान है।
उन्होंने तर्क दिया कि यह मुद्दा केवल एक राजनीतिक दल का आंतरिक मामला नहीं है, बल्कि बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताओं और कथित काले धन के लेनदेन से जुड़ा एक गंभीर आपराधिक मामला है। उन्होंने सरकार से तत्काल कार्रवाई का आह्वान किया।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नेता के बयान भाजपा की केरल इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर द्वारा पार्टी के चुनावी खर्च के संबंध में उनके नाम पर सोशल मीडिया और टेलीविजन चैनलों पर पाए गए एक कथित भाजपा कार्यालय परिपत्र को ‘झूठा’ बताए जाने के बाद आई है।
हाल में एक फेसबुक पोस्ट में, चंद्रशेखर ने कहा था कि पार्टी के भीतर विधानसभा चुनाव अभियान से संबंधित कोई वित्तीय अनियमितता नहीं पाई गई है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने चुनाव के तुरंत बाद राष्ट्रीय, राज्य, जिला और निर्वाचन क्षेत्र स्तर पर ऑडिट पूरा कर लिया था।
उन्होंने कहा था कि केरल में पार्टी का चुनाव अभियान पारदर्शी प्रणाली के माध्यम से चलाया गया था।
चंद्रशेखर ने यह भी आरोप लगाया था कि ‘राष्ट्र-विरोधी ताकतें’ और राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी भाजपा के विकास और नेतृत्व से ईर्ष्या के कारण फर्जी खबरें फैला रहे थे। उन्होंने ऐसी सामग्री बनाने और प्रसारित करने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।
भाषा वैभव पवनेश
पवनेश