महाराष्ट्र के बुलढाणा में पेट्रोल पंपों पर उमड़ी भीड़, प्रशासन ने कहा, ईंधन की कोई कमी नहीं

Ads

महाराष्ट्र के बुलढाणा में पेट्रोल पंपों पर उमड़ी भीड़, प्रशासन ने कहा, ईंधन की कोई कमी नहीं

  •  
  • Publish Date - May 22, 2026 / 06:05 PM IST,
    Updated On - May 22, 2026 / 06:05 PM IST

बुलढाणा, 22 मई (भाषा) तेल आपूर्ति बाधित होने की आशंका के बीच महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले समेत राज्य के कई हिस्सों में लोग पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारों में नजर आये।

प्रशासन का हालांकि कहना है कि जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है और लोगों से घबराहट में अतिरिक्त खरीदारी नहीं करने की अपील की गई है।

पेट्रोल पंपों पर उमड़ी भीड़ के वीडियो और तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही हैं।

किसानों का कहना है कि खरीफ बुआई का मौसम नजदीक आने के बावजूद डीजल की उपलब्धता में दिक्कत के कारण ट्रैक्टरों का इस्तेमाल प्रभावित हो रहा है और खेतों की जुताई में परेशानी हो रही है।

अधिकारियों का हालांकि दावा है कि जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है और सामान्य से अधिक मात्रा में ईंधन की आपूर्ति हो रही है।

जिला आपूर्ति अधिकारी सुरेश कव्हाले ने नागरिकों से अपील की कि वे घबराएं नहीं और अतिरिक्त ईंधन का भंडारण न करें।

उन्होंने कहा, “जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है। पर्याप्त मात्रा में ईंधन की आपूर्ति हो रही है। सामान्य से अधिक ईंधन आ रहा है। वाहन मालिक अनावश्यक रूप से ईंधन का भंडारण न करें और घबराहट में खरीदारी से बचें।”

जिले के लोनार कस्बे के एक पेट्रोल पंप का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ है, जिसमें लोग हाथों में डिब्बे लेकर हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के एक पेट्रोल पंप की ओर भागते दिखाई दे रहे हैं।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए एचपीसीएल ने ‘एक्स’ पर कहा कि बुलढाणा में ईंधन संकट का दावा करने वाला वीडियो भ्रामक है और यह जांच की जानी चाहिए कि वीडियो में दिखाई गई भीड़ वास्तव में ईंधन उपलब्धता की चिंता से जुड़ी है या नहीं।

एचपीसीएल ने कहा कि सभी तेल विपणन कंपनियां, स्थानीय प्रशासन, डीलर और अन्य हितधारक जिले में सुचारू संचालन, वाहनों की व्यवस्थित आवाजाही और निर्बाध ईंधन उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय रूप से समन्वय कर रहे हैं।

कंपनी ने कहा, “इन प्रयासों के तहत कंटेनर और डिब्बों में ईंधन देने को लेकर स्थानीय प्रशासन के निर्देशों और सुरक्षा मानकों के अनुसार परामर्श लागू किए जा रहे हैं। बुलढाणा जिले में 21 मई 2026 तक एचपीसीएल के सभी 48 खुदरा केंद्र सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं।”

भाषा रवि कांत रवि कांत देवेंद्र

देवेंद्र