ओडिशा में चोरी के आरोप में दलित व्यक्ति की पीटकर हत्या; परिवार ने पुलिस पर भी लगाया आरोप

Ads

ओडिशा में चोरी के आरोप में दलित व्यक्ति की पीटकर हत्या; परिवार ने पुलिस पर भी लगाया आरोप

  •  
  • Publish Date - June 30, 2026 / 10:11 PM IST,
    Updated On - June 30, 2026 / 10:11 PM IST

भुवनेश्वर, 30 जून (भाषा) ओडिशा के खुर्दा जिले में चोरी के मामले में संलिप्त होने के संदेह में भीड़ द्वारा एक दलित व्यक्ति की पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

मृतक के परिजनों ने पुलिस पर भी आरोप लगाया है कि भीड़ के हमले से बचाने के बाद उन्होंने 32 वर्षीय तूफान नायक के साथ मारपीट की और घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाने के बजाय उसके घर छोड़ दिया।

हालांकि, पुलिस ने नायक को बचाने के बाद उसके साथ मारपीट किए जाने के आरोप को सिरे से खारिज कर दिया है।

यह घटना रविवार शाम लगभग चार बजे बानपुर थाना क्षेत्र के खनात गांव में हुई, जहां ग्रामीणों ने कथित तौर पर नायक को एक बिजली के खंभे से बांध दिया और कई लोगों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की।

पुलिस ने शाम करीब छह बजे उसे भीड़ से बचाया और दो घंटे बाद उसे उसके परिवार को सौंप दिया।

इसके बाद परिवार वाले उसे अस्पताल ले गए। भुवनेश्वर के कैपिटल अस्पताल में उपचार के दौरान सोमवार को नायक की मृत्यु हो गई।

पुलिस ने कहा कि मृत्यु के सही कारणों का पता पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।

पुलिस ने इस बीच खनात गांव के निवासी पवित्र राउत (51) और सरत कुमार स्वैन (60) को गिरफ्तार कर लिया है।

खुर्दा के पुलिस अधीक्षक परमार स्मित परषोत्तमदास ने कहा कि घटना की विस्तृत जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नायक की पत्नी सस्मिता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है।

भाषा सुमित माधव

माधव

शीर्ष 5 समाचार