(फोटो के साथ)
नयी दिल्ली, 26 सितंबर (भाषा) दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के सुखदेव विहार में शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार कार ने दो गाड़ियों को टक्कर मार दी, जिससे 45 वर्षीय एक ऑटो-रिक्शा चालक की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
हादसे के संबंध में एक प्रत्यक्षदर्शी ने दावा किया कि टक्कर से कुछ देर पहले दो कार ‘रेस’ लगा रही थीं।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा सुबह सात बजे हुआ। मृतक की पहचान न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी के मोहम्मद कलाम के रूप में हुई जिसके ऑटो रिक्शा को कार ने टक्कर मारी थी।
इसने बताया कि घायल व्यक्ति की पहचान सुखदेव विहार मेट्रो स्टेशन के पास रहने वाले मोहम्मद बबलू के तौर पर हुई है।
हादसे के संबंध में जीत नामक प्रत्यक्षदर्शी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि वह चाय पीने के लिए रुके थे और सुबह करीब सात बजे वहां से निकल रहे थे, तभी उन्हें जोर की आवाज़ सुनाई दी। जीत ने कहा, ‘‘मैंने मुड़कर देखा तो पता चला कि हादसा हुआ है।’’
उन्होंने कहा, “दो कार एक-दूसरे से रेस लगा रही थीं और उनमें से एक ने ऑटो को टक्कर मार दी। तब तक दूसरी कार तेज रफ्तार में वहां से निकल गई।’’
जीत ने बताया कि ऑटो-रिक्शा चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार ने बाद में एक साइकिल-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे एक व्यक्ति गिर गया तथा घायल हो गया।
उन्होंने कहा, ‘‘कार फ्लाईओवर की तरफ से आ रही थी और शाहीन बाग की ओर जा रही थी। ऑटो को जिस तरह टक्कर मारी, उससे आप कार की रफ्तार का अंदाजा लगा सकते हैं। कार में तीन-चार लोग सवार थे। हादसा होते ही वे कार छोड़कर फरार हो गए।’’
मौके पर मौजूद एक चाय विक्रेता ने बताया कि वह सुबह करीब आठ-नौ बजे वहां पहुंचा था, तब तक हादसा हो चुका था। उसने कहा, “वहां कोई बता रहा था कि कार ने ऑटो को टक्कर मार दी है।”
वहीं, एक राहगीर द्वारा बनाए गए वीडियो में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त दिखी। उसका एयरबैग खुला हुआ था और शीशे तथा बोनट टूटे हुए थे। कार के अंदर रखा सामान भी क्षतिग्रस्त नजर आया। बताया गया कि कार सवार उसे मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
वीडियो में ऑटो-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त नजर आया और कलाम सड़क पर बेसुध पड़े दिखाई दिए।
आरंभिक जानकारी के मुताबिक, कार ने पहले ऑटो-रिक्शा को और उसके बाद साइकिल रिक्शा को टक्कर मारी।
पुलिस के अनुसार, कलाम को एस्कॉर्ट्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ले जाया गया।
पुलिस घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने और कार के मालिक तथा उसमें सवार लोगों की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों की पड़ताल कर रही है।
भाषा आशीष नेत्रपाल
नेत्रपाल