नयी दिल्ली, 17 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई ने पुलिस से सोशल मीडिया पर प्रसारित उस ”फर्जी” तस्वीर की विस्तृत जांच की मांग की है, जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को राष्ट्रीय ध्वज उल्टा पकड़े हुए दिखाया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा के निर्देश के बाद भाजपा की दिल्ली इकाई के नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली पुलिस के विशेष आयुक्त देवेश श्रीवास्तव से मुलाकात की और सोशल मीडिया मंच पर ‘फर्जी’ तस्वीर प्रसारित करने वालों की विस्तृत जांच और गिरफ्तारी की मांग करते हुए एक शिकायत सौंपी।
मल्होत्रा ने कहा कि “हताश” विपक्ष लगातार देश में माहौल बिगाड़ने के लिए सोशल मीडिया का दुरुपयोग करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन भाजपा कार्यकर्ता ऐसे ‘दुर्भावनापूर्ण’ प्रयासों को कभी सफल नहीं होने देंगे।
उन्होंने मांग की कि दिल्ली पुलिस भाजपा प्रमुख की फर्जी तस्वीर के प्रसार की जांच करे और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करे।
शिकायत में कहा गया है कि 14 से 16 अगस्त के बीच नवीन को राष्ट्रीय ध्वज के साथ दिखाने वाली कई फर्जी तस्वीरों को सोशल मीडिया मंचों ‘एक्स’, ‘फेसबुक’, ‘इंस्टाग्राम’ और ‘व्हाट्सऐप’ पर व्यापक रूप से प्रसारित किया गया।
इसमें कहा गया है कि जिस तरह से फर्जी तस्वीर को फैलाया गया, उससे लगता है कि गलत सूचना प्रसारित करने और झूठा विमर्श बनाने के लिए ‘एक समन्वित प्रयास” किया गया है।
शिकायत में पुलिस कार्रवाई की मांग करते हुए कहा गया कि फर्जी सामग्री का निरंतर प्रसार भाजपा प्रमुख की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा रहा है।
शिकायत में कहा गया है कि इस तरह की भ्रामक प्रस्तुति से जनता के बीच भ्रम फैल सकता है।
भाजपा ने अपनी शिकायत के साथ पुलिस को एक ‘‘फैक्ट-चेक’’ वीडियो भी सौंपा।
भाषा नोमान नोमान अविनाश
अविनाश