दिल्ली की अदालत ने यौन उत्पीड़न मामले में जांच अधिकारी से रिपोर्ट मांगी
दिल्ली की अदालत ने यौन उत्पीड़न मामले में जांच अधिकारी से रिपोर्ट मांगी
नयी दिल्ली, 17 जुलाई (भाषा) दिल्ली की एक अदालत ने एक कंपनी के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत की जांच कर रहे अधिकारी को नोटिस जारी किया है।
न्यायिक मजिस्ट्रेट नीतिका कपूर ने ‘हीरो फ्यूचर एनर्जीज’ के वरिष्ठ अधिकारियों के ख़िलाफ शिकायत पर सुनवाई करते हुए नोटिस जारी किया, और मामले को 30 जुलाई के लिए सूचीबद्ध कर दिया।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि नवीकरणीय ऊर्जा कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) ने कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी के खिलाफ महिला कर्मचारी द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों की जानकारी होने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की।
शिकायत के अनुसार, उचित कार्रवाई करने के बजाय प्रबंधन ने संबंधित अधिकारी को वैतनिक छुट्टी पर भेजकर बचाने का काम किया, उसे काम पर वापस आने दिया और कंपनी की आंतरिक समिति की सिफारिशों को लागू नहीं किया।
इसमें यह भी आरोप लगाया गया कि सीईओ ने कथित अपराध की सूचना पुलिस को नहीं दी, सबूत छिपाए और अपनी कानूनी ज़िम्मेदारियों की अनदेखी की।
महिला ने एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराओं सहित और अधिक दंडात्मक प्रावधान जोड़ने की मांग की है, तथा मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच का अनुरोध किया है।
भाषा
नेत्रपाल पवनेश
पवनेश

Facebook


