दिल्ली : सत्यार्थी फाउंडेशन के कालकाजी कार्यालय में सेंधमारी, प्राथमिकी दर्ज

Ads

दिल्ली : सत्यार्थी फाउंडेशन के कालकाजी कार्यालय में सेंधमारी, प्राथमिकी दर्ज

  •  
  • Publish Date - February 28, 2026 / 10:27 PM IST,
    Updated On - February 28, 2026 / 10:27 PM IST

नयी दिल्ली, 28 फरवरी (भाषा)कैलाश सत्यार्थी चिल्ड्रन फाउंडेशन के कालकाजी स्थित कार्यालय में सेंधमारी की घटना सामने आने के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई है और वहां कथित तोड़फोड़ की फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी गई है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि यह गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) नोबेल शांति पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी से जुड़ा है।

पुलिस के मुताबिक, पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को घटना जानकारी पूर्वाह्न 10:08 बजे प्राप्त हुई। पुलिस ने बताया कि फोन कॉल करने वाले की पहचान फाउंडेशन के प्रशासनिक प्रमुख फराज आलम के रूप में हुई, जिन्होंने बताया कि कार्यालय का ताला तोड़ दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि सूचना मिलते ही कालकाजी के थाना प्रभारी स्थानीय पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल को सील किया। प्रारंभिक पूछताछ के दौरान, शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि परिसर में सेंधमारी की गई है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया,‘‘हालांकि, शिकायतकर्ता चोरी हुई वस्तुओं का विवरण तुरंत नहीं दे सके। उन्होंने कहा कि किसी भी नुकसान का पता लगाने के लिए फाउंडेशन की ओर से निरीक्षण किया जाएगा।’’

पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर जबरन प्रवेश के स्पष्ट संकेत मिले हैं। कार्यालय परिसर अस्त-व्यस्त पाया गया और कुछ गोपनीय दस्तावेजों को खंगाला गया था।

अपराध जांच दल को घटनास्थल पर बुलाया गया और उन्होंने विस्तृत फॉरेंसिक जांच की। जांच के दौरान, बायोमेट्रिक विश्लेषण के लिए घटनास्थल से कई उंगलियों के निशान एकत्र किए। इन नमूनों का मिलान उपलब्ध रिकॉर्ड से किया जाएगा, ताकि संभावित संदिग्धों की पहचान की जा सके।

इस घटना से दक्षिणपूर्वी दिल्ली के कालकाजी इलाके में सत्यार्थी के निजी आवास पर 2017 में हुई चोरी की यादें ताजा हो गई है। उस समय सत्यार्थी के नोबेल पुरस्कार की प्रतिकृति, नोबेल डिप्लोमा और राष्ट्राध्यक्षों और अंतरराष्ट्रीय गणमान्य व्यक्तियों से प्राप्त कई पदक चोरी हो गए थे।

भाषा धीरज दिलीप

दिलीप