नयी दिल्ली, 29 अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने उत्तम नगर में दुश्मनी के चलते दो लोगों की हत्या करने के आरोप में 24 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि उत्तम नगर निवासी आकाश उर्फ अक्की नाम का आरोपी पिछले साल दिसंबर से फरार था और द्वारका की एक अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था।
पुलिस के अनुसार, यह मामला 21 दिसंबर 2025 की घटना से संबंधित है, जब उत्तम नगर में निजामुद्दीन और मोहम्मद समीर नामक दो व्यक्तियों पर हमला किया गया था। निजामुद्दीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि समीर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस ने बताया कि बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करने के बाद उन्होंने जांच शुरू की।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुमित और निखिल नाम के दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि आकाश फरार था।
उन्होंने कहा, ‘पुलिस ने फरार आरोपी का पता लगाने के लिए लगातार प्रयास किए। विशिष्ट सूचनाओं के आधार पर पता चला कि वह राजस्थान के ब्यावर में छिपा हुआ था।’
पुलिस ने ब्यावर में छापा मारा और स्थानीय खुफिया जानकारी की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आकाश ने कथित तौर पर कबूल किया कि उसने अपने साथियों के साथ दुश्मनी के चलते हत्याएं कीं और गिरफ्तारी से बचने के लिए दिल्ली भाग गया था।
पुलिस ने बताया कि वह एक दोस्त के साथ रह रहा था और पकड़े जाने से बचने के लिए बार-बार अपने फोन नंबर बदल रहा था। आगे की कार्यवाही जारी है।
भाषा नोमान नोमान मनीषा
मनीषा