नयी दिल्ली, 18 सितंबर (भाषा) दिल्ली सरकार ने सार्वजनिक परिवहन बस बेड़े को पूरी तरह से इलेक्ट्रिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए शहर के दक्षिण-पश्चिम इलाकों के सात डिपो में ई-बस चार्जिंग ढांचा विकसित करने के लिए 300 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) वर्तमान में 5,000 से अधिक ई-बसों का संचालन करता है और दिल्ली सरकार की योजना 2029 तक इसके बेड़े में 14,000 ई-बसें शामिल करने की है।
नियमित रूप से ई-बसों के नए बेड़े को शामिल करने की सुविधा के लिए परिवहन विभाग बस डिपो में चार्जिंग ढांचा स्थापित करने पर काम कर रहा है। दिल्ली में ऐसे 50 से अधिक डिपो हैं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हाल में हुई व्यय वित्त समिति (ईएफसी) की बैठक में दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के ढिचाऊं कलां, कैर, खडखड़ी नाहर और घुमनहेड़ा क्षेत्रों में स्थित विभिन्न डीटीसी और क्लस्टर बस डिपो में चार्जिंग ढांचा विकसित करने के लिए 300 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मंजूर की गई।
बिजली वितरण कंपनी बीएसईएस राजधानी पावर लिमिटेड की ओर से तैयार विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) के अनुसार, सभी जरूरी मंजूरियां मिलने के बाद यह काम 18 महीने में पूरा होने की संभावना है।
भाषा आशीष पवनेश
पवनेश