दिल्ली सरकार ने मानकों का उल्लंघन कर रखे गुए 31,000 से ज़्यादा ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन जब्त किए

Ads

दिल्ली सरकार ने मानकों का उल्लंघन कर रखे गुए 31,000 से ज़्यादा ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन जब्त किए

  •  
  • Publish Date - July 9, 2026 / 10:19 PM IST,
    Updated On - July 9, 2026 / 10:19 PM IST

नयी दिल्ली, नौ जुलाई (भाषा) दिल्ली सरकार के औषधि नियंत्रण विभाग ने पूर्वी दिल्ली के पटपड़गंज औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फार्मास्यूटिकल प्रतिष्ठान पर छापेमारी कर 31 हजार से अधिक ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन जब्त किए हैं। आरोप है कि इन इंजेक्शनों को अनिवार्य कोल्ड चेन मानकों का उल्लंघन करते हुए सामान्य तापमान पर रखा गया था।

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, यह कार्रवाई दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह के निर्देश के बाद विभाग के प्रवर्तन कार्यक्रम के तहत किए गए एक विशेष निरीक्षण के दौरान की गई।

बयान में कहा गया है कि ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन आईपी 5 आईयू/एमएल की 31,700 शीशियां कमरे के सामान्य तापमान पर रखी मिलीं, जबकि दवा के लेबल पर स्पष्ट रूप से इसे 2 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच तापमान पर सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि यह स्टॉक कथित तौर पर मई 2026 में खरीदे जाने के बाद से ही इसी तरह के तापमान पर रखा गया था।

औषधि नियंत्रण विभाग के मुताबिक, दवाओं का यह भंडारण औषधि नियम 1945 के के अनुरूप नहीं था। विभाग ने बताया कि परिसर में रेफ्रिजरेटर कार्यशील स्थिति में मौजूद था, लेकिन उसमें कोल्ड चेन में रखी जाने वाली कोई भी दवा नहीं पाई गई।

स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने कहा कि सरकार दवाओं की गुणवत्ता, सुरक्षा और प्रभावकारिता के साथ किसी भी तरह का समझौते को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करेगी।

मंत्री ने कहा कि उन्होंने औषधि नियंत्रण विभाग को राष्ट्रीय राजधानी भर में निरीक्षण तेज करने और वैधानिक भंडारण और गुणवत्ता मानदंडों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

भाषा नोमान नोमान माधव

माधव