नयी दिल्ली, 25 अगस्त (भाषा) मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली सरकार शहर में चीनी और प्याज की उपलब्धता की निगरानी करेगी और कीमतें बढ़ने की स्थिति में नेफेड से दोनों वस्तुएं खरीदेगी, ताकि लोगों को ये सस्ती दरों पर मिल सकें।
गुप्ता ने एक समीक्षा बैठक में चीनी और प्याज की उपलब्धता का आकलन किया और जमाखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी।
दिल्ली के खाद्य आपूर्ति मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि सरकार प्याज और चीनी की बढ़ती कीमतों का बोझ लोगों पर नहीं पड़ने देगी।
मुख्यमंत्री कार्यालय के एक बयान के मुताबिक, बैठक में अधिकारियों ने कहा कि राजधानी में फिलहाल प्याज या चीनी की कोई कमी नहीं है तथा अगर कीमतें और बढ़ती हैं तो दिल्ली सरकार भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन महासंघ (नेफेड) से प्याज और चीनी खरीदेगी और उन्हें राजधानी के विभिन्न स्थानों पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था करेगी।
इसमें कहा गया है कि इन वस्तुओं की बिक्री नेफेड से प्राप्त कीमत के आधार पर की जाएगी, जबकि परिवहन आदि का खर्च दिल्ली सरकार वहन करेगी।
मुख्यमंत्री ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को कीमतों में और वृद्धि की संभावना के मद्देनजर दिल्ली भर में विभिन्न स्थानों पर शिविरों के माध्यम से लोगों को सस्ती प्याज उपलब्ध कराने की व्यवस्था की एक विस्तृत कार्य योजना तैयार करने का निर्देश दिया।
बयान के अनुसार गुप्ता ने अधिकारियों से नेफेड से प्याज खरीदने की प्रक्रिया शुरू करने को भी कहा।
केंद्र सरकार ने प्याज की कमी का सामना कर रहे राज्यों और क्षेत्रों में प्याज की आपूर्ति के लिए कदम उठाए हैं। इसमें कहा गया है कि विभाग को दिल्ली को मिलने वाले प्याज की आपूर्ति की निगरानी के लिए व्यवस्था करने और जमाखोरी रोकने के लिए कहा गया है। साथ में जहां आवश्यक हो, वहां जरूरी कार्रवाई करने के लिए भी कहा गया है।
सिरसा ने कहा कि केंद्र सरकार ने चीनी की जमाखोरी रोकने के लिए मात्रा संबंधी प्रावधान निर्धारित किये हैं।
प्याज की अखिल भारतीय औसत खुदरा कीमत एक महीने में 28 प्रतिशत से अधिक बढ़कर 25 अगस्त को 44.72 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई, जो 25 जुलाई को 34.80 रुपये प्रति किलोग्राम थी।
प्रमुख शहरों में, मंगलवार को प्याज की खुदरा कीमतें चेन्नई में 60 रुपये प्रति किलोग्राम, दिल्ली में 55 रुपये प्रति किलोग्राम, कोलकाता में 60 रुपये प्रति किलोग्राम और मुंबई में 48 रुपये प्रति किलोग्राम रहीं।
भाषा नोमान नोमान नरेश
नरेश