नयी दिल्ली, 13 मार्च (भाषा) दिल्ली सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग ने बाहरी दिल्ली के मुंगेशपुर नाले के किनारे बाढ़ से बचाव के लिए लगभग तीन किलोमीटर लंबी दीवार बनाने का फैसला किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पिछले साल नाले का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे हरियाणा सीमा के पास स्थित गांवों और बस्तियों में पानी भर गया था। इस कारण निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया था। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बचाव अभियान के संबंध में हरियाणा की मुख्यमंत्री से बात की थी।
एक अधिकारी ने बताया,“यह कार्य मुंगेशपुर नाले के दोनों किनारों पर किया जाएगा। नाले के किनारे बनी निरीक्षण सड़क की भी मरम्मत की जाएगी और उसकी ऊंचाई बढ़ाई जाएगी। इसके लिए निविदा जारी कर दी गई है।”
अधिकारी के अनुसार, मानसून के मौसम से पहले विभाग 4.3 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से यह काम करेगा, जिसमें 2.7 किलोमीटर लंबी दीवार का निर्माण भी शामिल है।
सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग मजनू का टीला से कश्मीरी गेट क्षेत्र तक यमुना नदी के किनारे पांच किलोमीटर लंबी सुरक्षा दीवार का निर्माण कराएगा।
इस परियोजना की योजना रिंग रोड के किनारे स्थित आवासीय क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए बनाई जा रही है, जहां पिछले मानसून के मौसम में नदी का जलस्तर अधिक होने पर बाढ़ आ गई थी।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव