राजस्थान में जंगल सफारी एक अप्रैल से हो जाएगी महंगी

Ads

राजस्थान में जंगल सफारी एक अप्रैल से हो जाएगी महंगी

  •  
  • Publish Date - March 31, 2026 / 10:47 PM IST,
    Updated On - March 31, 2026 / 10:47 PM IST

जयपुर, 31 मार्च (भाषा) राजस्थान में जंगल सफारी एक अप्रैल से पर्यटकों के लिए महंगी हो जाएगी। वन विभाग ने राष्ट्रीय उद्यानों, बाघ अभ्यारण्यों और वन्यजीव अभयारण्यों में प्रवेश शुल्क में 10 प्रतिशत की वृद्धि की है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

दो साल तक लागू रहने वाली संशोधित दरों में बस, जीप और कैमरों के शुल्क में भी 10 प्रतिशत की वृद्धि शामिल है।

अतिरिक्त प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं मुख्य वन्यजीव वार्डन के.सी.ए. अरुण प्रसाद ने बताया कि यह वृद्धि प्रवेश शुल्क, वाहन प्रवेश शुल्क, कैमरा शुल्क और पर्यावरण विकास अधिभार पर लागू होती है।

रणथंबोर राष्ट्रीय उद्यान में भारतीय पर्यटकों को अब पर्यावरण विकास शुल्क सहित प्रति व्यक्ति 215 रुपये का भुगतान करना होगा जबकि विदेशी पर्यटकों से प्रति व्यक्ति 1,575 रुपये का शुल्क लिया जाएगा।

विद्यार्थियों के लिए शुल्क 65 रुपये निर्धारित किया गया है।

केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान और रणथंबोर को छोड़कर अन्य उद्यानों के लिए भारतीय पर्यटकों को प्रति व्यक्ति 165 रुपये और विदेशी पर्यटकों को 1,010 रुपये का भुगतान करना होगा जबकि विद्यार्थियों के लिए शुल्क 65 रुपये ही रहेगा।

रणथंबोर में वाहन शुल्क में भी संशोधन किया गया है।

बसों का शुल्क 1,095 रुपये, जीप और कार का शुल्क 695 रुपये और ई-रिक्शा या दोपहिया वाहनों का शुल्क 115 रुपये निर्धारित किया गया है।

कैमरा शुल्क में भी वृद्धि की गई है।

भारतीय कंपनियों को वृत्तचित्र और फिल्म निर्माण के लिए प्रति दिन 15,980 रुपये और विदेशी कंपनियों को 24,200 रुपये का भुगतान करना होगा।

अधिकारी ने बताया कि फीचर फिल्मों और विज्ञापनों के लिए भारतीय कंपनियों के लिए प्रतिदिन 1,06,480 रुपये और विदेशी कंपनियों के लिए 1,57,300 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है।

भाषा बाकोलिया जितेंद्र

जितेंद्र