नयी दिल्ली, 25 जून (भाषा) दिल्ली सरकार 75 ‘सीएम श्री’ विद्यालयों में 265 करोड़ रुपये की लागत से बुनियादी ढांचे का विकास करेगी और स्कूलों में नयी सुविधाएं उपलब्ध कराएगी।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) द्वारा बृहस्पतिवार को जारी एक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हाल में हुई व्यय वित्त समिति (ईएफसी) की बैठक में इस आशय के लिए 264.90 करोड़ रुपये के कोष को मंजूरी दी गई है। इस राशि से 75 ‘सीएम श्री’ स्कूलों में व्यापक मरम्मत का कार्य किया जाएगा और साथ ही नयी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
गुप्ता ने कहा कि इसके तहत खेल सुविधाएं, आधुनिक सभागार, सीसीटीवी, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी पार्क और ‘विशेष बच्चों’ के लिए सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत स्कूलों के प्रवेश द्वारों का आधुनिक स्वरूप में निर्माण, संशोधन और सौंदर्यीकरण किया जाएगा। उन पर ‘सीएम श्री’ का नया लोगो और स्कूल का नाम प्रदर्शित किया जाएगा।
उन्होंने कहा, “इसके अतिरिक्त भवनों में सीलन और नमी की समस्या दूर करने, वॉटरप्रूफिंग, आंतरिक एवं बाहरी पेंटिंग, प्लास्टर की मरम्मत, चारदीवारी एवं फेंसिंग का निर्माण या मरम्मत, शौचालयों में सुधार, पेयजल सुविधा में सुधार, सीवर एवं ड्रेनेज व्यवस्था को बेहतर बनाने, आवश्यकता के अनुरूप खेल सुविधाओं का विकास, वर्षा जल संचयन प्रणाली की मरम्मत, बहुउद्देश्य हॉल का नवीनीकरण और आवश्यकता अनुसार अन्य मरम्मत कार्य किए जाएंगे।”
गुप्ता ने कहा कि बिजली के काम के तहत अग्नि सुरक्षा से जुड़े कार्य किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि परियोजना के अंतर्गत स्कूल परिसरों का स्वरूप भी पूरी तरह बदला जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार का उद्देश्य केवल भवनों की मरम्मत करना नहीं, बल्कि सरकारी विद्यालयों को ऐसे आधुनिक शिक्षण परिसरों में विकसित करना है, जहां विद्यार्थियों को सुरक्षित, समावेशी, तकनीक-सक्षम और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो।
भाषा नोमान नोमान धीरज
धीरज