दिल्ली: सीबीआई ने चार लाख रुपये की रिश्वत लेने के मामले में नगर निगम के उपायुक्त गिरफ्तार

Ads

दिल्ली: सीबीआई ने चार लाख रुपये की रिश्वत लेने के मामले में नगर निगम के उपायुक्त गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - March 31, 2026 / 09:05 PM IST,
    Updated On - March 31, 2026 / 09:05 PM IST

नयी दिल्ली, 31 मार्च (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के उपायुक्त सहित दो वरिष्ठ अधिकारियों को दो निलंबित कर्मचारियों के पक्ष में रिपोर्ट देने के बदले चार लाख रुपये की कथित तौर पर लेने के लिए गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

एक अदालत ने आरोपी अधिकारियों को एक दिन की सीबीआई हिरासत में भेज दिया।

विशेष न्यायाधीश दिग् विनय सिंह ने जांच एजेंसी को शाहदरा उत्तर के उपायुक्त लेफ्टिनेंट कर्नल अभिषेक कुमार मिश्रा और दूसरे अधिकारी से पूछताछ के लिए एक दिन की हिरासत की अनुमति दी।

अधिकारियों ने बताया कि नगर निगम में प्रतिनियुक्ति पर तैनात उपायुक्त लेफ्टिनेंट कर्नल अभिषेक कुमार मिश्रा और प्रशासनिक अधिकारी देवांशू गौतम को रिश्वतखोरी के आरोप में गिरफ्तार किया गया।

दोनों अधिकारी, एमसीडी के शाहदरा उत्तर जोन में तैनात थे।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि दिल्ली में भ्रष्टाचार को ‘कतई बर्दाश्त’ नहीं करने की नीति है और इस बाबत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए पोस्ट के मुताबिक, गुप्ता ने कहा, “हम स्वच्छ और पारदर्शी शासन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता में अडिग हैं।”

उन्होंने कहा कि दिल्ली में भ्रष्टाचार को ‘कतई बर्दाश्त’ नहीं करने की नीति है। उन्होंने कहा कि इस बाबत“ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कोई अपवाद नहीं होगा। किसी को कोई संरक्षण नहीं दिया जाएगा।”

अधिकारियों ने बताया कि मिश्रा एमसीडी के दो निलंबित कर्मचारियों के खिलाफ शिकायत की जांच कर रहे थे।

निलंबित कर्मचारियों ने सीबीआई से शिकायत की थी कि गौतम ने मिश्रा की ओर से जांच रिपोर्ट में उनके पक्ष में रिपोर्ट देने के लिए चार लाख रुपये की मांग की थी।

शिकायत के आधार पर सीबीआई ने सोमवार को गौतम के खिलाफ मामला दर्ज किया था।

सीबीआई के प्रवक्ता ने एक बयान में बताया, “आरोप है कि आरोपी प्रशासनिक अधिकारी ने शाहदरा उत्तर जोन के उपायुक्त की ओर से शिकायतकर्ताओं से उनकी जांच रिपोर्ट उनके पक्ष में बनाकर सक्षम प्राधिकारी को भेजने के लिए चार लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।”

सीबीआई ने स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में सत्यापन किया, जिसमें रिश्वत की कथित मांग की पुष्टि हुई, जिसके बाद प्राथमिकी दर्ज की गई।

एजेंसी ने बताया कि सीबीआई ने सोमवार को जाल बिछाया और गौतम को शिकायतकर्ताओं से चार लाख रुपये लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।

प्रवक्ता ने बताया, “मामले की जांच के दौरान दिल्ली नगर निगम के शाहदरा उत्तर जोन के आरोपी उपायुक्त की भूमिका भी सामने आई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।”

भाषा जितेंद्र रंजन

रंजन