नयी दिल्ली, नौ मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैचों के टिकटों की कालाबाजारी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि इन लोगों पर ‘कॉम्प्लिमेंटरी पास’ और सामान्य टिकट अत्यधिक कीमतों पर बेचने का आरोप है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान मुकीम (35), गुफरान उर्फ साजिद (36) और मोहम्मद फैसल (38) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, अपराध शाखा की एक टीम ने आईपीएल टिकटों की अवैध बिक्री के बारे में सूचना मिलने के बाद आठ मई को दिल्ली गेट के पास एक जाल बिछाया।
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, “आरोपी खुद को दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) के अधिकृत प्रतिनिधि बताकर बढ़ी हुई कीमतों पर टिकट बेच रहे थे।”
पुलिस ने कहा कि आरोपियों के पास से 33 ‘कॉम्प्लिमेंटरी पास’ समेत 54 आईपीएल टिकट बरामद किए गए। ‘कॉम्प्लिमेंटरी पास’ पर ‘बेचने के लिए नहीं’ लिखा था। इसके अलावा उनके पास से 25,000 रुपये नकदी भी बरामद हुई।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने ‘कॉम्प्लिमेंटरी पास’ को लगभग 20,000 रुपये प्रति पास और सामान्य टिकट को उनके मुद्रित मूल्य से दोगुने अधिक दाम में बेचा।
जांचकर्ताओं ने कहा कि आरोपी उन अलग-अलग शहरों में आईपीएल टिकटों की कालाबाजारी करने वाले नेटवर्क का हिस्सा थे, जहां मैच आयोजित किए जाते थे।
पुलिस अधिकारी ने कहा, “आरोपी कथित तौर पर विमान से विभिन्न मैच स्थलों पर जाते थे और अलग-अलग स्रोतों के जरिए टिकट तथा पास जुटाते थे।’’
भाषा जोहेब सिम्मी
सिम्मी