नयी दिल्ली, 17 मार्च (भाषा) उत्तरी दिल्ली के रूप नगर इलाके में एक नाले के ऊपर बने 60 फुट लंबे लोहे के पुल के ढह जाने से मंगलवार को एक महिला की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि पुल को असुरक्षित घोषित कर दिया गया और अवरोधक लगाकर इसे आम लोगों के आवागमन के लिए बंद कर दिया गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि वह महिला अक्सर पुल के एक छोर पर बैठी रहती थी और ऐसा प्रतीत होता है कि वह भीख मांगकर जीवनयापन करती होगी।
पुलिस ने बताया कि पुल ढहने की सूचना पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) के जरिए सुबह करीब 9:28 बजे प्राप्त हुई, जिसके बाद पुलिस और आपातकाल दल मौके पर पहुंचे। पुल नीचे नाले में गिर गया था।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बचाव कर्मियों ने महिला का शव बरामद किया, जिसकी उम्र लगभग 50 वर्ष बताई जा रही है।
दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और दिल्ली पुलिस ने समन्वित बचाव अभियान चलाया। दमकल वाहनों को भी अभियान में लगाया गया।
वीडियो में बचावकर्मियों को टूटे हुए पुल से रस्सियों की मदद से नीचे उतरकर नाले तक पहुंचने और महिला को ढूंढते हुए देखा जा सकता है। पुलिस ने बताया कि महिला की पहचान सुनिश्चित करने के प्रयास जारी हैं।
एनडीआरएफ के एक अधिकारी ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी सुबह करीब 10:15 बजे मिली।
अधिकारी ने कहा, ‘‘स्थिति का जायजा लेने पर हमने पाया कि नाले में तेज बहाव था और स्थानीय लोगों ने बताया कि एक महिला उसमें गिर गई थी। हम अपने गोताखोरों को भेजने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन तब तक ‘दिल्ली बोट क्लब’ की एक टीम मौके पर पहुंच चुकी थी और शव को बाहर निकाल लिया था।”
पुलिस ने बताया कि यह पुल सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग का है और इसे पहले ही असुरक्षित घोषित कर दिया गया था। पुल पर अवरोधक लगा दिए गए थे और इसे आम जनता के लिए बंद कर दिया गया था।
इलाके के निवासी मयंक ने कहा, ‘‘हमने एक तेज आवाज सुनी और तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे।’’
उन्होंने कहा, “पुल जर्जर हालत में था और आवागमन रोकने के लिए दोनों तरफ से अवरोधक लगा दिए गए थे। हालांकि, चेतावनियों के बावजूद लोग इसका इस्तेमाल करते रहे।”
अधिकारियों ने आगे किसी भी घटना को रोकने के मकसद से क्षेत्र में घेराबंदी की है।
अधिकारियों ने कहा कि पुल के ढहने का कारण फिलहाल पता नहीं चल पाया और विस्तृत जांच की जाएगी।
भाषा यासिर नरेश
नरेश