नयी दिल्ली, 30 मार्च (भाषा) दिल्ली के चित्तरंजन पार्क (सीआर पार्क) इलाके में दो पुरुषों ने एक महिला से उनकी सोने की चेन झपटने की कोशिश की और विरोध करने पर उनपर चाकू से हमला कर दिया जिससे वह मामूली रूप से जख्मी हो गईं।
पुलिस ने सोमवार को बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में हमलावर दिनदहाड़े पीड़िता का पीछा करते और उनपर हमला करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस के बयान के अनुसार, यह घटना रविवार शाम करीब चार बजे सीआर पार्क के मार्केट नंबर एक के पास स्थित सामाजिक-सांस्कृतिक संगठन, ‘बंगीय समाज’ के पास हुई।
बयान में कहा गया, ‘मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात पुरुषों ने एक महिला से सोने की चेन झपटने का प्रयास किया। जब उन्होंने विरोध किया, तो एक आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे उन्हें मामूली चोटें आईं।’
पीड़िता खुद पास के एक अस्पताल पहुंची, जहां से इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
बयान के मुताबिक, “उनकी शिकायत के आधार पर सीआर पार्क थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।”
पुलिस ने बताया कि अपराध में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।
इस बीच, हमले से पहले की सीसीटीवी फुटेज सामने आई है।
इस वीडियो क्लिप में महिला सड़क पर पैदल चलती दिख रही है, जबकि एक पैदल व्यक्ति और दूसरा मोटरसाइकिल पर उनका पीछा कर रहा है।
कुछ ही क्षणों बाद, पैदल चल रहे व्यक्ति ने उनकी सोने की चेन झपटने की कोशिश की। महिला द्वारा शोर मचाने पर आरोपी के साथ उनकी हाथापाई हुई।
फुटेज में कई राहगीर इस घटना को देखते हुए नजर आ रहे हैं, लेकिन उनमें से कोई भी बीच-बचाव के लिए आगे नहीं आता।
इसके बाद आरोपी ने महिला पर काबू पाने के लिए चाकू निकाला और उन पर हमला कर दिया। हमले के बाद, वह बाइक पर सवार हो गया और दोनों मौके से फरार हो गए।
हमलावरों के भागने के दौरान महिला को मदद के लिए पुकारते हुए देखा जा सकता है।
स्थानीय निवासियों ने अपराध की प्रकृति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि दिनदहाड़े होने वाली ऐसी घटनाएं इलाके में असुरक्षा की बढ़ती भावना की ओर इशारा करती हैं।
पुलिस ने कहा कि आरोपी जोड़ी की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।
भाषा नोमान नोमान रंजन
रंजन