‘पधारो म्हारे फीस्ट’ में पारंपरिक राजस्थानी पकवानों का लुत्फ उठा सकते हैं दिल्लीवासी

Ads

‘पधारो म्हारे फीस्ट’ में पारंपरिक राजस्थानी पकवानों का लुत्फ उठा सकते हैं दिल्लीवासी

  •  
  • Publish Date - June 30, 2026 / 09:08 PM IST,
    Updated On - June 30, 2026 / 09:08 PM IST

नयी दिल्ली, 30 जून (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के लोग राजस्थान की समृद्ध पाक परंपरा का जश्न मनाने वाले ‘पधारो म्हारे फीस्ट’ भोजन महोत्सव में ‘लाल मांस’ और ‘दाल-बाटी-चूरमा’ से लेकर ‘प्याज की कचौड़ी’ और ‘मलाई घेवर’ तक विभिन्न लोकप्रिय पारंपरिक राजस्थानी पकवानों का लुत्फ उठा सकते हैं।

नोवोटेल नयी दिल्ली सिटी सेंटर में आयोजित 10 दिन लंबा यह भोजन महोत्सव न सिर्फ खास राजस्थानी पकवानों, बल्कि राज्य की मशहूर मेहमाननवाजी और अद्भुत पाक कला से भी रूबरू होने का मौका देता है।

पांच जुलाई तक चलने वाले इस महोत्सव की परिकल्पना नोवोटेल जयपुर कन्वेंशन सेंटर के मास्टर शेफ चेतन सिंह ने नोवोटेल नयी दिल्ली सिटी सेंटर के एग्जीक्यूटिव शेफ उमेश सिंह के साथ मिलकर तैयार की थी।

चेतन सिंह ने एक बयान में कहा, “राजस्थानी खाना परंपराओं पर आधारित है। यह अपने जबरदस्त स्वाद और सदाबहार रेसिपी के लिए जाना जाता है। ‘पधारो म्हारे फीस्ट’ के जरिये हम अपने मेहमानों तक न सिर्फ लजीज खाना, बल्कि राजस्थान की गर्मजोशी, संस्कृति और जश्न का माहौल भी पहुंचाना चाहते थे। मेन्यू में शामिल हर पकवान एक कहानी कहता है और क्षेत्र की शानदार पाक विरासत पर प्रकाश डालता है।”

‘पधारो म्हारे फीस्ट’ में लोग जिन-जिन राजस्थानी व्यंजनों का आनंद ले सकेंगे, उनमें ‘मिर्ची बड़े’, ‘पनीर मेथनिया टिक्का’, ‘संगरिया की सीख’, ‘बीकानेरी पापड़ रोल’, ‘जोधपुरी गट्टे की सब्जी’, ‘मेथी मंगोड़ी’, ‘पिटोड़ की सब्जी’, ‘राजस्थानी कढ़ी’, ‘गुलाब जामुन की सब्जी’, ‘जोधपुरी पुलाव’, ‘मुर्ग शेखावटी कबाब’, ‘बंजारा घोस्ट सीख’, ‘आचारी फिश टिक्का’, ‘लहसुनी मुर्ग’, ‘डूंगर मुर्ग’, ‘मछली जयसमंदी’ और ‘मारवाड़ी माही’, ‘चक्की का साग’, ‘मावा कचौड़ी’, ‘मूंग दाल हलवा’, ‘राजस्थानी लापसी’ और ‘माखन वड़ा’ भी शामिल हैं।

भाषा पारुल नरेश

नरेश

शीर्ष 5 समाचार