चांडी की तीसरी पुण्यतिथि से पहले विझिंजम बंदरगाह का नाम बदलने की मांग

चांडी की तीसरी पुण्यतिथि से पहले विझिंजम बंदरगाह का नाम बदलने की मांग

चांडी की तीसरी पुण्यतिथि से पहले विझिंजम बंदरगाह का नाम बदलने की मांग
Modified Date: July 17, 2026 / 05:47 pm IST
Published Date: July 17, 2026 5:47 pm IST

तिरुवनंतपुरम, 17 जुलाई (भाषा) केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी की तीसरी पुण्यतिथि से पहले वरिष्ठ कांग्रेस नेता थंपानूर रवि ने केरल सरकार से विझिंजम अंतरराष्ट्रीय बंदरगाह का नाम दिवंगत नेता पर रखने की मांग की।

रवि ने शुक्रवार को जारी एक बयान में कहा कि बंदरगाह का नाम चांडी के नाम पर रखना कांग्रेस के दिवंगत नेता की पुण्यतिथि पर उन्हें एक सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

उनके अनुसार, विझिंजम ‘केरल की अब तक की सबसे बड़ी विकास परियोजना’ के रूप में उभरा है, और उन्होंने चांडी को इसका ‘शिल्पकार’ बताया।

पूर्व विधायक ने कहा, ‘चूंकि विझिंजम बंदरगाह परियोजना केरल की अब तक की सबसे बड़ी विकास परियोजना के रूप में उभरी है, इसलिए इस बंदरगाह का नाम इसके शिल्पकार, पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी के नाम पर रखा जाना चाहिए, जिससे उनकी पुण्यतिथि सार्थक हो सके।’

रवि ने आरोप लगाया कि इस परियोजना का श्रेय चांडी को न देने की कोशिशें की जा रही हैं।

उन्होंने पिनराई विजयन के नेतृत्व वाली पिछली वामपंथी सरकार पर विझिंजम बंदरगाह को हकीकत बनाने में चांडी के योगदान की ‘उपेक्षा’ करने का आरोप लगाते हुए कहा, ‘कई लोग विझिंजम बंदरगाह का श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं।’

उन्होंने वी डी सतीशन के नेतृत्व वाली सरकार से इस फैसले में देरी न करने का आग्रह किया।

रवि ने कहा, ‘संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार को विझिंजम बंदरगाह के शिल्पकार ओमन चांडी के नाम पर बंदरगाह का नाम रखने में देरी नहीं करनी चाहिए और इस परियोजना को विवादों में नहीं घसीटना चाहिए।’

उन्होंने कहा कि उन्होंने इस बदलाव की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है।

केरल के दो बार मुख्यमंत्री रहे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चांडी का कैंसर की बीमारी से 18 जुलाई 2023 को 79 वर्ष की आयु में निधन हो गया था।

भाषा तान्या माधव

माधव


लेखक के बारे में