नयी दिल्ली, 18 सितंबर (भाषा) कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव में अपने उम्मीदवार की गिरफ्तारी को लेकर शुक्रवार को भाजपा पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया और कहा कि विपक्ष को खत्म करने के प्रयास में संविधान आधारित लोकतंत्र को ‘‘बनाना रिपब्लिक’’ में बदला जा रहा है।
पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने यह दावा भी किया कि भाजपा के शासन में प्रदेश में लोकतंत्र ‘वेंटिलेटर’ पर पहुंच गया है।
वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दावा किया कि 2007 के 19 साल पुराने मामले को फिर से उठाते हुए कांग्रेस उम्मीदवार को गिरफ्तार किया गया और यह कार्रवाई तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी द्वारा कांग्रेस को समर्थन दिए जाने के कुछ ही मिनट बाद हुई।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह दिखाता है कि भाजपा लोकतंत्र हथियाने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि उनकी पार्टी ने ‘‘दमनकारी अंग्रेजी शासन’’ के खिलाफ लड़ाई लड़ी और उसे देश से बाहर किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की ‘‘डराने-धमकाने की छोटी-मोटी तरकीबें’’ कांग्रेस को भयभीत नहीं कर सकतीं।
वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस सत्ता के कथित दुरुपयोग के खिलाफ मजबूती से खड़ी रहेगी और भाजपा की हार सुनिश्चित करेगी।
नंदीग्राम उपचुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार मिलन प्रधान को 2007 के भूमि अधिग्रहण विरोधी आंदोलन में कथित संलिप्तता के मामले में शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
भाषा हक माधव अविनाश
अविनाश
अविनाश