डीजीसीए ने इस साल जून तक 1,331 पायलट लाइसेंस जारी किए : सरकार

Ads

डीजीसीए ने इस साल जून तक 1,331 पायलट लाइसेंस जारी किए : सरकार

  •  
  • Publish Date - July 20, 2026 / 10:37 PM IST,
    Updated On - July 20, 2026 / 10:37 PM IST

नयी दिल्ली, 20 जुलाई (भाषा) विमानन नियामक नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने इस साल 30 जून तक 1,331 कमर्शियल पायलट लाइसेंस जारी किए, जिनमें से 41 प्रतिशत ने विदेश में प्रशिक्षण लिया था।

नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने सोमवार को राज्यसभा को एक सवाल के लिखित जवाब में यह जानकारी दी।

इस साल 30 जून तक, भारतीय फ्लाइंग ट्रेनिंग ऑर्गनाइज़ेशन (एफटीओ) के 791 और विदेशी एफटीओ के 540 पायलट को कमर्शियल लाइसेंस जारी किए गए। साल 2025 और 2024 में क्रमशः 1,652 और 1,347 पायलट को लाइसेंस जारी किए गए थे।

आंकड़ों के अनुसार, 2023 में कुल 1,622 पायलट को लाइसेंस जारी किए गए जबकि 2022 में 1,165 लोगों को लाइसेंस जारी किए गए।

मंत्री ने कहा कि सरकार ने देश में पायलट प्रशिक्षण बुनियादी ढांचा को मज़बूत करने के लिए कई कदम उठाए हैं, जिनमें एफटीओ के लिए मंजूरी और निगरानी की प्रक्रिया को आसान करना और प्रशिक्षण से जुड़े नियमों में बदलाव शामिल है।

भाषा अविनाश सुरेश

सुरेश